Exxon Mobil ने Pioneer Natural के अधिग्रहण का किया ऐलान, 59.5 अरब डॉलर में हुई डील

इस अधिग्रहण सौदे में कर्ज समेत लेनदेन का मूल्य लगभग 64.5 अरब डॉलर है। इस डील के तहत पायनियर के शेयरधारकों को एक शेयर पर एक्सॉन मोबिल के 2.3234 शेयर मिलेंगे। एक्सॉन ने साल 2009 में करीब 36 अरब डॉलर में एक्सटीओ एनर्जी को खरीदा था

अपडेटेड Oct 11, 2023 पर 8:05 PM
Exxon Mobil ने 59.5 अरब डॉलर के सौदे में Pioneer Natural Resources के अधिग्रहण का ऐलान किया है।

ऊर्जा क्षेत्र की अमेरिकी कंपनी एक्सॉन मोबिल (Exxon Mobil) ने 59.5 अरब डॉलर के सौदे में पायनियर नैचुरल रिसोर्सेज (Pioneer Natural Resources) के अधिग्रहण का ऐलान किया है। यह पिछले दो दशक में एक्सॉन का सबसे बड़ा अधिग्रहण सौदा होगा। उसने दो दशक पहले मोबिल का अधिग्रहण किया था। अब पायनियर के अधिग्रहण के बाद वह अमेरिका के पश्चिम टेक्सस इलाके में बड़ी तेल कंपनी बन जाएगी।

दोनों कंपनियों के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने लेनदेन को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसे अब भी पायनियर के शेयरधारकों से अप्रुवल लेना होगा। इस सौदे के अगले साल की पहली छमाही में पूरा हो जाने की उम्मीद है।

डील से जुड़ी डिटेल


इस अधिग्रहण सौदे में कर्ज समेत लेनदेन का मूल्य लगभग 64.5 अरब डॉलर है। इस डील के तहत पायनियर के शेयरधारकों को एक शेयर पर एक्सॉन मोबिल के 2.3234 शेयर मिलेंगे। एक्सॉन ने साल 2009 में करीब 36 अरब डॉलर में एक्सटीओ एनर्जी को खरीदा था। इसके पहले नब्बे के दशक के अंत में एक्सॉन और मोबिल के बीच विलय की कुल राशि 80 अरब डॉलर से भी अधिक थी।

2022 में रिकॉर्ड एनुअल प्रॉफिट

एक्सॉन ने वर्ष 2022 में रिकॉर्ड एनुअल प्रॉफिट कमाया था। उसे 55.7 अरब डॉलर का वार्षिक लाभ हुआ था जो 2008 में हुए 45.22 अरब डॉलर के पिछले रिकॉर्ड से अधिक है। एक्सॉन इस नकदी में से कुछ हिस्से का इस्तेमाल इस अधिग्रहण पर कर रही है। जुलाई में कंपनी ने घोषणा की कि वह 4.9 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य के ऑल-स्टॉक सौदे में पाइपलाइन ऑपरेटर डेनबरी को खरीद रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।