कितनी है पालोनजी मिस्त्री की संपत्ति, ग्रुप में शामिल हैं कौन-कौन कंपनियां?

पालोनजी मिस्त्री का टाटा समूह से करीब नाता रहा। वह टाटा समूह के सबसे बड़े इंडिविजुअल शेयरहोल्डर थे। उनकी टाटा संस में 18.4 फीसदी हिस्सेदारी है

अपडेटेड Jun 28, 2022 पर 11:57 AM
Story continues below Advertisement
शापोरजी पालोनजी एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड एक ग्लोबल कंपनी है। इसमें 18 बड़ी कंपनियां शामिल हैं, जिनका कारोबार देश-विदेश में है।

शापोरजी पालोनजी ग्रुप के चेयरमैन पालोनजी मिस्त्री का सोमवार को निधन हो गया। वह भारतीय उद्योग जगत के सबसे अनुभवी लोगों में से एक थे। उनका कारोबारी साम्राज्य बहुत बड़ा है। न सिर्फ देश में बल्कि दुनिया के 50 देशों में इस ग्रुप का कारोबार है। पालोनजी मिस्त्री का टाटा समूह से खास नाता रहा। वह टाटा संस के सबसे बड़े इंडिविजुअल शेयरहोल्डर थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पालोनजी मिस्त्री के निधन पर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट कर उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा है कि श्री पालोनजी मिस्त्री के निधन से दुखी हूं। कॉमर्स और इंडस्ट्री की दुनिया में उनका बड़ा योगदाना था। उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत शुभचिंतकों के साथ मेरी संवेदनाए हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।


ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, पालोनजी मिस्त्री का नेटवर्थ करीब 29 अरब डॉलर था। रुपये में यह करीब 232000 करोड़ रुपये के बराबर है। वह इंडिया और यूरोप के सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल थे। शापोरजी पालोनजी ग्रुप 150 साल से ज्यादा पुराना है। यह इंडिया के सबसे बड़े उद्योग समूहों में से एक है। आज जिस मुकाम पर यह ग्रुप है, उसका श्रेय पालोनजी मिस्त्री को जाता है।

यह भी पढ़ें : Elon Musk ने कैसे अपनी नाकामी को कामयाबी में बदला और दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए

पालोनजी मिस्त्री का टाटा समूह से करीब नाता रहा। वह टाटा समूह के सबसे बड़े इंडिविजुअल शेयरहोल्डर थे। उनकी टाटा संस में 18.4 फीसदी हिस्सेदारी है। उनके बेटे साइरस मिस्त्री साल 2012 से 2016 तक टाटा ग्रुप के चेयरमैन रहे। टाटा ग्रुप के साथ विवाद के बाद उन्हें चेयरमैन पद से हटा दिया गया। सालों तक दोनों के बीच कानूनी लड़ाई चली। पालोनजी मिस्त्री की बेटी अलू मिस्त्री की शादी रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा से हुई है।

शापोरजी पालोनजी एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड एक ग्लोबल कंपनी है। इसमें 18 बड़ी कंपनियां शामिल हैं, जिनका कारोबार देश-विदेश में है। इस समूह के मुख्य कारोबार में इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट, पानी, एनर्जी और फाइनेंशियल सर्विसेज शामिल हैं।

इस समूह की प्रमुख कंपनियों में Eureka Forbes, Afcons Infrastructure, SP Engineering & Construction, Sterling & Wilson, Forbes & Company, SP Real Estate और NextGen Publishing शामिल हैं। इस समूह में आज 50,000 से ज्यादा लोग काम करते हैं। इसका मुख्यालय मुंबई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।