PC बनाने वाली कंपनी HP ने दो अक्टूबर से भारत में क्रोमबुक (Chromebooks) मैन्युफैक्चरिंग के लिए गूगल के साथ हाथ मिलाया है। कंपनी ने आज गुरुवार को यह जानकारी दी। एचपी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार क्रोमबुक डिवाइस चेन्नई के पास फ्लेक्स फैसिलिटी में तैयार किया जाएगा। एचपी वहां अगस्त 2020 से लैपटॉप और डेस्कटॉप का प्रोडक्शन कर रहा है। एचपी आईटी हार्डवेयर के लिए सरकार की 17000 करोड़ रुपये की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम के तहत आवेदकों में से एक है।
एचपी इंडिया के सीनियर डायरेक्टर (पर्सनल सिस्टम) विक्रम बेदी ने कहा, "भारत में क्रोमबुक लैपटॉप बनाने से भारतीय छात्रों की किफायती पीसी तक आसान पहुंच मुमकिन होगी। अपने मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशन का और विस्तार करके हम सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल का समर्थन करना जारी रखेंगे।’’
गूगल के एजुकेशन हेड (दक्षिण एशिया) बानी धवन ने कहा, "एचपी के साथ क्रोमबुक का लोकल लेवल पर प्रोडक्शन भारत में शिक्षा के डिजिटल बदलाव के समर्थन को जारी रखने के हमारे प्रयासों के लिए अहम है।" Proprietary ऑपरेटिंग सिस्टम वाले नोटबुक की तुलना में क्रोमबुक कम कीमत पर आते हैं। बयान के अनुसार, क्रोमबुक, जो Google के ChromeOS के साथ आते हैं, K-12 एजुकेशन में लीडिंग डिवाइस हैं। दुनिया भर में 5 करोड़ से अधिक छात्र और शिक्षक इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
बयान में कहा गया है, "यह साझेदारी भारत में डिजिटल एजुकेशन इकोसिस्टम का सपोर्ट करने के लिए एक ज्वाइंट विजन को बढ़ावा देगी और शिक्षा अधिकारियों, स्कूलों और संस्थानों को किफायती, सेफ और हाई क्वालिटी वाले कंप्यूटिंग डिवाइस प्रदान करके अधिक छात्रों को उनकी शिक्षा को बढ़ाने में मदद करेगी।" इस कदम से एचपी के भारत निर्मित पीसी पोर्टफोलियो का विस्तार होगा।