Get App

भारत का वर्तमान आर्थिक माहौल प्राइवेट इनवेस्टमेंट के लिए अनुकूल, CII के सर्वे में सामने आए ये नतीजे

CII के सर्वे के नतीजों से पता चलता है कि लगभग 97 फीसदी कंपनियों द्वारा 2024-25 और 2025-26 दोनों में रोजगार बढ़ाने की उम्मीद है। वास्तव में 79 फीसदी कंपनियों ने कहा कि उन्होंने पिछले तीन वर्षों में अधिक लोगों को जोड़ा है। वहीं, 75 फीसदी कंपनियों का मानना ​​है कि वर्तमान आर्थिक माहौल निजी निवेश के लिए अनुकूल है

MoneyControl Newsअपडेटेड Jan 19, 2025 पर 5:13 PM
भारत का वर्तमान आर्थिक माहौल प्राइवेट इनवेस्टमेंट के लिए अनुकूल, CII के सर्वे में सामने आए ये नतीजे
भारत का वर्तमान आर्थिक माहौल प्राइवेट इनवेस्टमेंट के लिए अनुकूल है

भारत का वर्तमान आर्थिक माहौल प्राइवेट इनवेस्टमेंट के लिए अनुकूल है, क्योंकि चैलेंजिंग ग्लोबल एनवायरनमेंट के बीच देश एक ‘ब्राइट स्पॉट’ के रूप में उभर रहा है। कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री(CII) के एक सर्वे में यह निष्कर्ष निकाला गया है। यह अखिल भारतीय सर्वे फरवरी के पहले हफ्ते तक 500 कंपनियों के लिए पूरा हो जाएगा। अंतरिम परिणाम सभी साइज के इंडस्ट्री (लार्ज, मीडियम और स्मॉल) में फैली 300 कंपनियों के सैंपल पर आधारित हैं।

सर्वे के शुरुआती नतीजों से पता चलता है कि लगभग 97 फीसदी कंपनियों द्वारा 2024-25 और 2025-26 दोनों में रोजगार बढ़ाने की उम्मीद है। वास्तव में 79 फीसदी कंपनियों ने कहा कि उन्होंने पिछले तीन वर्षों में अधिक लोगों को जोड़ा है। पिछले 30 दिन में आयोजित CII सर्वे से पता चलता है कि 75 फीसदी कंपनियों का मानना ​​है कि वर्तमान आर्थिक माहौल निजी निवेश के लिए अनुकूल है।

CII के डायरेक्टर जनरल चंद्रजीत बनर्जी ने कहा, "यह देखते हुए कि सर्वेक्षण में शामिल 70 फीसदी कंपनियों ने कहा है कि वे वित्त वर्ष 2025-26 में निवेश करेंगी, अगली कुछ तिमाहियों में निजी निवेश में बढ़ोतरी हो सकती है।"

CII ने कहा, “भले ही जियो-पॉलिटिकल स्थिति ने ग्लोबल सप्लाई चेन को बाधित किया है और ग्लोबल ग्रोथ के लिए गंभीर चुनौतियां पेश की हैं, लेकिन भारत इस चुनौतीपूर्ण वैश्विक पृष्ठभूमि के बीच एक उज्ज्वल स्थान के रूप में उभरा है। सरकार द्वारा शुरू की गई ठोस आर्थिक नीतियों ने पब्लिक कैपेक्स-आधारित ग्रोथ पर जोर देते हुए अर्थव्यवस्था को फिर खड़ा करने में मदद की है।”

सब समाचार

+ और भी पढ़ें