इन्वेस्टमेंट फर्म आईक्वेस्ट एंटरप्राइजेज (IQuest Enterprises) ने Viatris के एक्टिव फार्मास्युटिकल इनग्रेडिएंट्स (API) बिजनेस के अधिग्रहण का ऐलान किया है। हालांकि कंपनी ने डील की राशि का खुलासा नहीं किया है। आईक्वेस्ट एंटरप्राइजेज ने सोमवार को बयान में कहा कि निवेश कंपनी ने भारत में प्रमुख दवा कंपनी वियाट्रिस के औषधियों में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख रसायन कारोबार का अधिग्रहण करने के लिये पक्का समझौता किया है।
ग्लोबल कंपीटीटिव बिड में आईक्वेस्ट तरजीही निवेशक के रूप में उभरी है। सौदे के तहत कंपनी छह API मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का अधिग्रहण करेगी। इसमें तीन फैसिलिटी विशाखापत्तनम और तीन हैदराबाद में हैं। इसके अलावा कंपनी हैदराबाद में स्थित रिसर्च एंड डेवलपमेंट फैसिलिटी का भी अधिग्रहण करेगी।
आईक्वेस्ट एंटरप्राइजेज की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गुनुपति स्वाति रेड्डी ने कहा, "हम औषधि क्षेत्र में अबतक के अपने सबसे बड़े निवेश को लेकर उत्साहित हैं। हमारा निवेश ऐसे सही समय पर आया है जब भारत ग्लोबल फार्मा इंडस्ट्री के बीच ध्यान आकर्षित कर रहा है।"
आईक्वेस्ट एंटरप्राइजेज के बारे में
आईक्वेस्ट एंटरप्राइजेज एक निवेश कंपनी है। इसने AIG हॉस्पिटल्स, केयर हॉस्पिटल्स और सेलोन लैबोरेटरीज जैसी कई कंपनियों में निवेश किया है। वियाट्रिस ने एक अलग बयान में कहा कि उसने अपना API बिजनेस बेचने के लिये समझौता किया है। कंपनी का मुख्यालय अमेरिका में है।