यस बैंक (Yes Bank) के लिए एक अच्छी खबर है। मैक्रोटेक डेवलपर्स (Macrotech Developers) ने यस बैंक के 125 करोड़ के कर्ज को समय से 5 महीने पहले ही भुगतान करने का लक्ष्य रखा। बता दें कि मैक्रोटेक डेवलपर्स को पहले लोढा डेवलपर्स (Lodha Developers) के नाम से जाना जाता था और यह देश की सबसे बड़ी रियल-एस्टेट डेवलपर्स में से एक है। अंग्रेजी अखबार ईटी ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मैक्रोटेक डेवलपर्स ने 2018 में Yes Bank से 625 करोड़ रुपये के सिक्योर्ड बॉन्ड जुटाए थे। इसके तहत उसे 5 सालों तक हर तिमाही 12.5 फीसदी भुगतान करना था। हालांकि अब कंपनी ने इस कर्ज को तय समय से 5 महीने पहले ही पूरा भुगतान करने का फैसला किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जून तिमाही के अंत में मैक्रोटेक डेवलपर्स के कुल करीब 8,856 करोड़ रुपये का शुद्ध कर्ज था, जिसे उसने इस वित्त वर्ष के अंत तक घटाकर 6,000 करोड़ रुपये पर लाने का लक्ष्य रखा है। यस बैंक को कर्ज का समय से पहले भुगतान इसी कवायद का हिस्सा है।
मैक्रोटेक डेवलपर्स पिछले कुछ समय से अपने ऊपर लदे कर्ज को तेजी से कम रही है। मार्च 2022 तिमाही के अंत में उसके ऊपर 9,309 करोड़ रुपये का शुद्ध कर्ज था।
मुंबई मुख्याल वाली Macrotech Developers ने 30 जून 2022 को खत्म हुई तिमाही में सालाना आधार पर 68 फीसदी का मुनाफा दर्ज किया था और यह 270.80 करोड़ रुपये पर रहा। कंपनी को इस अवधि में हुई अच्छी बिक्री का फायदा मिला है। वहीं कंपनी की कुल आय जून तिमाही में 2,675.78 करोड़ रुपये रही है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,749.97 करोड़ रुपये रही थी।
इस बीच Macrotech Developers के शेयर शुक्रवार को एनएसई पर 2.79 फीसदी घटकर 920.20 रुपये के भाव पर बंद हुए। कंपनी के शेयर पिछले साल अप्रैल में शेयर बाजारों में लिस्ट हुए थे और तब से अब तक इसमें करीब 73.39 फीसदी की तेजी आ चुकी है। वहीं दूसरी तरफ Yes Bank के शेयर शुक्रवार को 1.29% फीसदी बढ़कर 15.70 रुपये के भाव पर बंद हुए और साल 2022 की शुरुआत से अब तक इसमें करीब 11.74 फीसदी की तेजी आ चुकी है।