LT Foods को कन्वीनियंस & हेल्थ सेगमेंट में 10% राजस्व की उम्मीद, कंपनी के MD और CEO ने दी जानकारी

LT Foods के CEO अरोड़ा का कहना है कि कंपनी का लक्ष्य अगले पांच साल में इस सेगमेंट से 8 से 10 फीसदी राजस्व जुटाने का है। कंपनी कन्वीनियंस & हेल्थ सेगमेंट में अपने ‘रेडी टू कुक’ और ‘रेडी टू ईट’ प्रोडक्ट्स के लिए मौजूदा ब्रांड और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का फायदा उठा रही है

अपडेटेड Sep 24, 2023 पर 8:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एलटी फूड्स लिमिटेड को उम्मीद है कि 'कन्वीनियंस & हेल्थ' फूड प्रोडक्ट सेगमेंट से कंपनी की ग्रोथ में मजबूती आएगी।

एलटी फूड्स लिमिटेड (LT Foods) को उम्मीद है कि 'कन्वीनियंस & हेल्थ' फूड प्रोडक्ट सेगमेंट से कंपनी की ग्रोथ में मजबूती आएगी। ‘दावत’ और ‘रॉयल’ जैसे बासमती चावल ब्रांड बेचने वाली कंपनी के एमडी और सीईओ अश्विनी कुमार अरोड़ा ने यह बात कही है। अरोड़ा का कहना है कि कंपनी का लक्ष्य अगले पांच साल में इस सेगमेंट से 8 से 10 फीसदी राजस्व जुटाने का है। कंपनी कन्वीनियंस & हेल्थ सेगमेंट में अपने ‘रेडी टू कुक’ और ‘रेडी टू ईट’ प्रोडक्ट्स के लिए मौजूदा ब्रांड और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का फायदा उठा रही है।

8-10 फीसदी ग्रोथ का है लक्ष्य

यह एक ऐसी कैटेगरी है जिसकी भारतीय घरों में, खासकर कोविड-महामारी के बाद मांग तेजी से बढ़ी है। अरोड़ा ने कहा, “तीसरे वर्टिकल (कन्वीनियंस & हेल्थ) से कुल राजस्व का 8-10 फीसदी हासिल करने का लक्ष्य है। हमारा लक्ष्य अगले पांच साल के लिए है।” एलटी फूड्स के पोर्टफोलियो में करीब 10 ब्रांड हैं। कंपनी को 31 मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष में ऑपरेशन से 6979 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ है।


4 साल से इस सेगमेंट में है कंपनी

दिल्ली की यह कंपनी लगभग चार साल पहले इस सेगमेंट में उतरी थी। उस समय इसने दावत ब्रांड का अमेरिकी बाजार में विस्तार किया था और बाद में इसे इसे भारतीय बाजार में उतारा था। उन्होंने कहा, “हमने तीन साल में 30 फीसदी की औसत सालाना वृद्धि हासिल की है। इससे इस सेगमेंट का हमारे कुल कारोबार में योगदान ढाई फीसदी हो गया है। इसके अलावा, इस सेगमेंट में हमारी सालाना ग्रोथ 36 फीसदी पर पहुंच गई है।”

इस वित्तीय वर्ष में एक अरब डॉलर की कंपनी बनने की उम्मीद

एलटी फूड्स के VP, फाइनेंस एंड स्ट्रेटेजी मोनिका सी जग्गिया ने कहा, "यह सेगमेंट हमारे लिए आगे चलकर ग्रोथ को बढ़ावा देने वालों में से एक है क्योंकि हम अपने मौजूदा ब्रांड और डिस्ट्रीब्यूशन का लाभ उठा रहे हैं।" इसके अलावा, एलटी फूड्स को उम्मीद है कि वह इस वित्तीय वर्ष में एक अरब डॉलर की कंपनी बन जाएगी और अगले चार वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये का लक्ष्य पार कर जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।