Petrol-Diesel Price Hike: देश की सबसे बड़ी निजी पेट्रोल पंप कंपनी नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने गुरुवार को पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में VAT और टैक्स के कारण वास्तविक बढ़ोतरी ₹5.30 प्रति लीटर तक भी जा सकती है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेज उछाल के चलते यह फैसला लिया है।
मिडिल-ईस्ट में जंग शुरू होने के बाद से भी देश की फ्यूल कंपनियों पर दबाव बढ़ गया है। अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला शुरू किया था। इसके बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल करीब 50 प्रतिशत महंगा हो गया है। हालांकि भारत में सामान्य पेट्रोल और डीजल के दाम अब तक नहीं बढ़ाए गए है।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अब नायरा एनर्जी ने अपने लागत के कुछ हिस्से को ग्राहकों पर डालने का फैसला किया है। कंपनी के पास देश के कुल 1,02,075 पेट्रोल पंपों में से 6,967 पंप हैं। खबर लिखे जाने तक नायरा एनर्जी की इस रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं आई थी।
हालांकि देश की सरकारी ऑयल मार्केट कंपनियों ने अभी तक पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ाए हैं। देश का करीब 90 प्रतिशत फ्यूल मार्केट इन्हीं कंपनियों के पास है। इनमें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन शामिल हैं।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि प्राइवेट फ्यूल कंपनियों को सरकार की ओर से कोई मुआवजा नहीं मिलता। जबकि सरकारी कंपनियों को "अच्छे नागरिक" बनकर दाम न बढ़ाने पर सरकार सपोर्ट करती है। निजी कंपनियों के घाटे लगातार बढ़ रहे थे, इसलिए उनके पास अब दाम बढ़ाने के अलावा कोई चारा नहीं बचा था।"
देश में अप्रैल 2022 से ही रिटेल पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ी हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम, इन तीनों सरकारी कंपनियों ने दाम को स्थिर रखा है। हालांकि, इससे उन्हें नुकसान भी उठाना पड़ता है, जिसकी भरपाई वे तब करती हैं जब कच्चे तेल की कीमतें कम होती हैं।
दिल्ली में एक लीटर नॉर्मल पेट्रोल की कीमत अभी भी 94.77 रुपये है, जबकि उसी ग्रेड का डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा है। हालांकि हाल ही में सरकारी कंपनियों ने भी प्रीमयिम और इंडस्ट्रियल सहित कुछ कैटगरी में कीमतें बढ़ाई हैं।
दिल्ली में प्रीमियम 95-ऑक्टेन पेट्रोल की कीमत 99.89 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 101.89 रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही, राष्ट्रीय राजधानी में बल्क या इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतें 87.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 109.59 रुपये कर दी गई हैं।
नॉर्मल पेट्रोल की ऑक्टेन रेटिंग आमतौर पर 91-92 होती है और यह स्टैंडर्ड इंजन के लिए सही है, जो रोजाना ड्राइविंग के लिए ठीक-ठाक परफॉर्मेंस देता है। दूसरी ओर, प्रीमियम पेट्रोल की ऑक्टेन रेटिंग 95-98 ज्यादा होती है, जो इसे हाई-परफॉर्मेंस या हाई-कम्प्रेशन इंजन के लिए आइडियल बनाती है। सरकार का कहना है कि पेट्रोल और डीजल डीरेगुलेटेड कमोडिटी हैं जिनकी कीमत ऑयल मार्केटिंग कंपनियां खुद तय करती हैं।
भारत अपनी क्रूड ऑयल की जरूरत का 88 परसेंट और नैचुरल गैस की जरूरत का लगभग आधा हिस्सा विदेशों से इंपोर्ट करता है। ये अधिकतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते आते हैं। हालांकि ईरान ने जंग शुरू होने के बाद से इस समुद्री रास्ते पर पहरा बैठा दिया है, जिससे पूरे ग्लोबल क्रूड सप्लाई पर असर पड़ा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।