Nvidia News: चिप बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में शुमार एनवीडिया के नेतृ्त्व में बदलाव अब एक बड़े विवाद का रूप लेता जा रहा है। कंपनी के को-फाउंडर जेनसेन हुआंग (Jensen Huang) के सीईओ पद से इस्तीफे के तीन दिन बाद ही उनकी वापसी की मांग तेज हो गई है। उन्हें दोबारा कंपनी का सीईओ बनाने के लिए शुरू किए गए ऑनलाइन अभियान 'Stand with Jensen' को 1.32 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिलने का दावा किया गया है। कैंपेन के मुताबिक इस पर 6,667 एनवीडिया के मौजूदा एंप्लॉयीज, 1,251 पूर्व एंप्लॉयीज, 72,265 शेयरहोल्डर्स और 53,143 अन्य सपोर्टर्स समेत 1,33,326 के इस पर साइन हैं। इस मुहिम को टेस्ला (Tesla) के मालिक एलॉन मस्क (Elon Musk) अमेरिका के कई बड़े दिग्गजों का भी सपोर्ट मिल रहा है।
Stand with Jensen: क्या है मांग?
याचिका में एनवीडिया के बोर्ड से कहा गया है कि स्वतंत्र जांच पूरी होने तक जेनसेन हुआंग को सीईओ पद पर वापस लाया जाए। याचिका में कहा गया है कि जब तक बोर्ड यह न साबित कर दे कि जेनसेन का जाना कंपनी के हित में है, तब तक उन्हें सीईओ पद पर बहाल किया जाए। इसके अलावा इसमें जांच के दायरे और समयसीमा का खुलासा, जेनसेन को जवाब देने का मौका देने की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि 33 साल का नेतृत्व किसी को जवाबदेही से ऊपर नहीं रखता लेकिन जवाबदेही के लिए सबूत, निष्पक्ष सुनवाई और उचित निर्णय जरूरी हैं। एलॉन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व नाम Twitter) पर इस अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने भी इस याचिका पर साइन किया है।
क्यों देना पड़ा Jensen Huang को Nvidia के सीईओ पद से इस्तीफा?
एनवीडिया ने 12 नवंबर को ऐलान किया था कि जेनसेन हुआंग ने 33 साल बाद सीईओ, प्रेसिडेंट और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद कंपनी की सीएफओ कोलेट क्रेस (Colette Kress) को अंतरिम सीईओ और हार्वे सी जोन्स (Harvey C Jones) को बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया। उनका यह इस्तीफा जेनसेन के ऐलिस हुआंग (Alice Huang) के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर और उनसे जुड़ी रिपोर्ट्स की जांच के बीच आया। हालांकि एनवीडिया ने उनके इस्तीफे का कारण नहीं बताया है। अमेरिकी अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या ऐलिस हुआंग के चीनी खुफिया एजेंसियों से संबंध थे। न्यूज एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने इन आरोपों से इनकार किया है।