इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) ने अपने लेटेस्ट फंडिंग राउंड में सफलतापूर्वक 30 करोड़ डॉलर जुटा लिए हैं। बिजनेस स्टैंडर्ड ने आज 23 मई को मर्चेंट बैंकिंग स्रोतों के हवाले से यह जानकारी दी है। इस फंडिंग के बाद ओला इलेक्ट्रिक का वैल्यूएशन 6 अरब डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी इस फंड का इस्तेमाल प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए करना चाहती है। कंपनी की योजना अपनी प्रोडक्शन कैपिसिटी को 5 लाख से बढ़ाकर 20 लाख यूनिट प्रति वर्ष करने की है।
यहां होगा फंड का इस्तेमाल
रिपोर्ट के मुताबिक, इस फंड से फर्म को एडवांस्ड सेल केमिस्ट्री बैटरी प्लांट लगाने में भी मदद मिलेगी। कंपनी इसके लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम के तहत इंसेंटिव के लिए एलिजिबल है। लेटेस्ट राउंड में कंपनी ने यह फंड लीडिंग सॉवरेन फंड कंपनी से जुटाई है। हालिया फंडिंग राउंड इस उम्मीद के बीच आया है कि ओला इलेक्ट्रिक जल्द ही मुनाफा हासिल कर लेगी। कंपनी अप्रैल 2023 तक सभी प्रमुख शहरों में 500 एक्सपीरियंस सेंटर खोलना चाहती है।
बता दें कि ओला इलेक्ट्रिक ने सालाना 1 करोड़ टू-व्हीलर बनाने की योजना बनाई है। यह देश में सालाना बिकने वाले टू-व्हीलर का करीब 50 फीसदी है। इसके अलावा, कंपनी बैटरी प्रोडक्शन कैपिसिटी भी 20 गीगावाट घंटा से बढ़ाकर 100 गीगावाट घंटा करने जा रही है। ओला इलेक्ट्रिक देश में इलेक्ट्रिक स्कूटर की सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। ओला की मौजूदा आय दर 1.2 अरब डॉलर है और 18 महीने में ही इसके इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बिजनेस का एबिटा पॉजिटिव हो गया है।