ONDC पर फूड आइटम Zomato और Swiggy से क्यों हैं सस्ते, किस प्लेटफॉर्म पर कितना है डिस्काउंट, उदाहरण से समझें
सोशल मीडिया पर स्विगी, जोमैटो और ONDC के फूड आइटम्स की कीमतों की तुलना वाले स्क्रीनशॉट भी वायरल हो रहे हैं। ONDC को पिछले साल इंट्रोड्यूस किया गया था, हालांकि इसकी चर्चा अब अधिक हो रही है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए रेस्टोरेंट्स थर्ड पार्टी के बिना ही कस्टमर्स को सीधे प्रोडक्ट बेच सकते हैं
इन दिनों सोशल मीडिया पर ONDC यानी ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स की खूब चर्चा हो रही है।
ONDC vs Zomato Swiggy : इन दिनों सोशल मीडिया पर ONDC यानी ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स की खूब चर्चा हो रही है। कई लोगों ने यह दावा किया है कि इस प्लेटफॉर्म पर स्विगी (Swiggy) और जोमैटो (Zomato) से भी कम कीमत पर फूड आइटम उपलब्ध हैं। सोशल मीडिया पर स्विगी, जोमैटो और ONDC के फूड आइटम्स की कीमतों की तुलना वाले स्क्रीनशॉट भी वायरल हो रहे हैं। ONDC को पिछले साल इंट्रोड्यूस किया गया था, हालांकि इसकी चर्चा अब अधिक हो रही है। यह भारत सरकार की पहल है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए रेस्टोरेंट्स थर्ड पार्टी के बिना ही कस्टमर्स को सीधे प्रोडक्ट बेच सकते हैं।
सोशल मीडिया पर कई लोगों ने किया दावा
ऑटोमेशन प्लेटफॉर्म Aritic के फाउंडर अंकित प्रकाश ने पेटीएम पर ONDC के ज़रिए इंडियाना बर्गर से पनीर बर्गर और पेप्सी कॉम्बो का ऑर्डर दिया। उन्होंने पाया कि इसकी कीमत स्विगी के मुकाबले लगभग 45 फीसदी कम थी। बता दें कि पेटीएम ओएनडीसी पर एक सेलर ऐप है।
प्रकाश की तरह ही कई अन्य यूजर्स ने दावा किया है कि ONDC पर फूड प्रोडक्ट्स कम कीमत पर खरीदे जा सकते हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा ने कुछ ही दिनों में ONDC के डेली ऑर्डर वॉल्यूम को 2.5 गुना बढ़ा दिया है और यह 10,000 से बढ़कर 25,000 ऑर्डर हो गया है। इस बीच बड़ा सवाल यह भी है कि क्या ONDC की लोकप्रियता में उछाल का असर स्विगी और जोमैटो का कारोबार पर दिखेगा।
कैसे काम करता है ONDC
ONDC का आइडिया सिंपल है हालांकि इसके काम करने का तरीका थोड़ा जटिल दिखता है। ONDC पर पूरे ऑर्डर-डिलीवरी की प्रक्रिया को तीन भागों में समझा जा सकता है। पहला भाग है बायर साइड ऐप, जो कंज्यूमर्स के लिए है। दूसरा भाग है सेलर साइड ऐप, जहां मर्चेंट और बिजनेस लिस्ट होते हैं। वहीं इसका तीसरा भाग है लॉजिस्टिक्स प्रोवाइडर, जो अंतिम कंज्यूमर तक प्रोडक्ट डिलीवर करते हैं।
पिछले कुछ महीनों में ONDC के फूड, बेवरेज और ग्रॉसरी ऑर्डर्स में 100 गुना तक उछाल देखने को मिला है। यहां हमने तुलना करते हुए बताया है कि क्या वास्तव में ONDC पर फूड प्रोडक्ट्स सस्ते हैं?
किस पर कितना डिस्काउंट
हमने अपनी जांच में पाया कि कीमतें मोटे तौर पर समान थीं। हालांकि, कुछ प्रोडक्ट्स की कीमत डिस्काउंट कूपन के चलते ONDC पर स्विगी और जोमैटो की तुलना में कम थी। ONDC नए यूजर्स को 50 रुपये प्रति ऑर्डर के डिस्काउंट कूपन दे रहा है। दिलचस्प बात यह है कि पिछले सप्ताह ओएनडीसी और उसके नेटवर्क पार्टिसिपेंट द्वारा हर ऑर्डर के लिए पूरी डिलीवरी राशि पर सब्सिडी दी जा रही थी।
उदाहरण से समझें
उदाहरण के लिए, 5 मई को नोएडा में बरिस्ता से मोमोज और गार्लिक ब्रेड की एक प्लेट का ऑर्डर दिया गया। मोमोज की कीमत 101 रुपये (140 रुपये की लिस्ट प्राइस से 28 फीसदी कम) और गार्लिक ब्रेड की कीमत 112 रुपये (155 रुपये के लिस्ट प्राइस से 28 फीसदी सस्ता) थी। इसके बाद ONDC50 कूपन कोड के चलते ऑर्डर पर 50 रुपये की छूट मिली। पैकेजिंग या डिलीवरी के लिए कुछ भी शुल्क नहीं लिया गया और यहां तक कि कन्वीनियंस फीस नहीं लिया गया।
ध्यान देने वाली बात यह है कि Zomato और Swiggy दोनों पर डिलीवरी और पैकेजिंग शुल्क लिया जाता है। इन प्लेटफार्मों पर प्रति ऑर्डर डिलीवरी शुल्क केवल तभी माफ किया जाता है जब यूजर ने उनके लॉयल्टी प्रोग्राम का सब्सक्रिप्शन लिया हो। इसके अलावा, अगर आप 7-8 किलोमीटर से अधिक दूरी पर हैं, तो आपसे डिलीवरी शुल्क लिया जाएगा भले ही आपने लॉयल्टी प्रोग्राम का सब्सक्रिप्शन लिया हो।
इसके अलावा, स्विगी ने कुछ शहरों में ऑर्डर मूल्य के 2 प्रतिशत के बराबर प्लेटफॉर्म शुल्क लेना भी शुरू कर दिया है। इसकी पूरी संभावना है कि Zomato भी जल्द ही यह शुल्क लेना शुरू करेगा क्योंकि दोनों ही कंपनियां प्रॉफिटेबल होने के लिए जूझ रही हैं।
ऑर्डर वॉल्यूम बढ़ने पर डिस्काउंट हुए कम
ओएनडीसी पर ऊपर बताए गए सभी सब्सिडी और डिस्काउंट पिछले शनिवार तक उपलब्ध थे। ऑर्डर वॉल्यूम बढ़ने पर ओएनडीसी ने डिस्काउंट कम करना भी शुरू कर दिया है। कई बार ऑर्डर करने वाले कस्टमर्स पर एक छोटा सा डिलीवरी शुल्क और पैकेजिंग शुल्क जोड़कर रविवार को डिस्काउंट को कुछ कम कर दिया गया। इसके चलते रिटेल ऑर्डर वॉल्यूम 25000 से घटकर 19000 पर आ गई।
बेंगलुरु और दिल्ली-एनसीआर में कई यूजर्स ने बताया कि मैकडॉनल्ड्स जैसे पॉपुलर मर्चेंट के प्रोडक्ट्स की लिस्टेड प्राइस पर ONDC पर उपलब्ध डिस्काउंट डबल डिजिट परसेंटेज से घटकर सिंगल डिजिट में आ गई है। इसके साथ ही, पिछले हफ्ते ONDC पर बार-बार ऑर्डर देने वाले यूजर्स को अब फ्लैट 50 रुपये की छूट का लाभ नहीं मिल रहा है।
सबसे अहम बात यह है कि अब डिलीवरी शुल्क और पैकेजिंग शुल्क लिए जा रहे हैं। उदाहरण के लिए बरिस्ता आउटलेट से जिस ऑर्डर के बारे में हमने पहले बात की थी, उस पर अब यूजर्स को 79 रुपये का डिलीवरी शुल्क और 10 रुपये का पैकेजिंग शुल्क देना होगा।