अमेरिकी IT कंपनी ओरेकल (Oracle) ने प्लान्ड जॉब कट का दायरा बढ़ा दिया है। और होने वाले जॉब कट पर अब 70 करोड़ डॉलर एक्स्ट्रा खर्च किए जाएंगे। कंपनी आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) के काम के लिए बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर बनाने से जुड़ी नकदी की कमी से जूझ रही है। ओपनएआई (OpenAI) जैसे ग्राहकों के लिए AI डेटा सेंटर बनाने में भारी खर्च के कारण ओरेकल वित्तीय दबाव में है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि एक रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, ओरेकल की छंटनी यानि कि '2026 रीस्ट्रक्चरिंग प्लान' की लागत अब लगभग 2.8 अरब डॉलर आंकी गई है।
इसमें मुख्य रूप से निकाले गए कर्मचारियों को दिया जाने वाला सेवरेंस पेमेंट (नौकरी छूटने पर मिलने वाला मुआवजा) शामिल है। कंपनी ने कहा कि ओरेकल ने इस योजना से जुड़ी लगभग 2.1 अरब डॉलर की लागत पहले ही वहन कर ली है। और 70 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी उन अतिरिक्त कदमों को दर्शाती है, जिनका कंपनी ने अनुमान लगाया है।
इस साल की शुरुआत में ओरेकल ने नकदी बचाने की कोशिशों के तहत हजारों कर्मचारियों की छंटनी शुरू की थी। हाल ही में खबर आई कि लागत कम करने के लिए कंपनी एक और बार छंटनी कर सकती है। इससे भारत में हजारों कर्मचारियों पर असर पड़ सकता है। दुनिया भर में प्रभावित होने वाले कर्मचारियों की संख्या 7,000 से 10,000 के बीच हो सकती है।
मई 2025 से मई 2026 तक निकाले 21000 कर्मचारी
पिछले कुछ समय में Oracle ने कर्मचारियों की संख्या में भारी कटौती की है। मई के अंत तक, कंपनी के पास अमेरिका में लगभग 49,000 कर्मचारी थे, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग 92,000 कर्मचारी काम कर रहे थे। यह संख्या एक साल पहले की तुलना में 21,000 कम है। गुरुवार को एनालिस्ट्स के साथ बातचीत के दौरान, ओरेकल के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर हिलेरी मैक्ससन ने सरलीकरण और दक्षता बढ़ाने वाले कदमों का जिक्र किया। इनसे कंपनी को लागत कम करने और मार्जिन सुरक्षित रखने में मदद मिली है।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, ओरेकल ने चेयरमैन लैरी एलिसन के लिए एक नया शेयर ट्रेडिंग प्रोग्राम भी घोषित किया है। एलिसन के पास कंपनी के लगभग 40 प्रतिशत शेयर हैं। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि इस योजना के तहत एलिसन 24 अक्टूबर तक 5 करोड़ शेयर बेच सकते हैं।