PhysicsWallah ने UAE स्थित नॉलेज प्लैनेट का किया अधिग्रहण, जानिए क्या है प्लान

PhysicsWallah ने एक बयान में कहा कि वह UAE में छात्रों तक रीच बढ़ाने के लिए नॉलेज प्लैनेट की स्कूल पार्टनरशिप मशीनरी का लाभ उठाएगी। वहीं, नॉलेज प्लैनेट को भी फिजिक्सवाला की टेक्नोलॉजी से फायदा होगा और उसे अपनी ऑनलाइन और हाइब्रिड ऑफर्स को मजबूत करने का मौका मिलेगा

अपडेटेड Mar 20, 2023 पर 7:51 PM
भारत की एकमात्र प्रॉफिटेबल एडटेक यूनिकॉर्न कंपनी फिजिक्सवाला (PW) ने संयुक्त अरब अमीरात स्थित नॉलेज प्लैनेट (Knowledge Planet) का अधिग्रहण कर लिया है।

भारत की एकमात्र प्रॉफिटेबल एडटेक यूनिकॉर्न कंपनी फिजिक्सवाला (PW) ने संयुक्त अरब अमीरात स्थित नॉलेज प्लैनेट (Knowledge Planet) का अधिग्रहण कर लिया है। हालांकि, इस डील की रकम का खुलासा अब तक नहीं हुआ है। कंपनी ने आज 20 मार्च को यह जानकारी दी। फिजिक्सवाला ने इससे पहले कई भारतीय कंपनियों का अधिग्रहण किया है। इन कंपनियों में ऑनलाइन मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट कोचिंग प्लेटफॉर्म PrepOnline और एग्जाम प्रिपरेशन बुक्स पब्लिशर Altis Vortex, डाउट-सॉल्विंग एंड रिसोर्स मैनेजमेंट स्टार्टअप FreeCo, और अपस्किलिंग स्टार्टअप iNeuron.ai शामिल हैं।

UAE में छात्रों तक रीच बढ़ाना चाहता है PW

फिजिक्सवाला ने एक बयान में कहा कि वह UAE में छात्रों तक रीच बढ़ाने के लिए नॉलेज प्लैनेट की स्कूल पार्टनरशिप मशीनरी का लाभ उठाएगी। वहीं, नॉलेज प्लैनेट को भी फिजिक्सवाला की टेक्नोलॉजी से फायदा होगा और उसे अपनी ऑनलाइन और हाइब्रिड ऑफर्स को मजबूत करने का मौका मिलेगा फिजिक्सवाला ने कहा कि वह मिडिल ईस्ट में हायर एजुकेशन के लिए विदेश जाने के इच्छुक छात्रों के लिए SAT (स्कोलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट) प्रिपरेशन कोर्सेज ऑफर करेगा।


फिजिक्सवाला के CEO ने क्या कहा?

फिजिक्सवाला के CEO अलख पांडे ने एक बयान में कहा, "हम संयुक्त अरब अमीरात में अपने पहले अंतरराष्ट्रीय अधिग्रहण की घोषणा करने के लिए उत्साहित हैं। पूरे मिडिल ईस्ट में 13 सेंटर्स और एक स्थापित स्कूल पार्टनरशिप मॉडल के साथ नॉलेज प्लैनेट यहां हमारी एंट्री के लिए सबसे भरोसेमंद प्लेटफॉर्म है। यह फिजिक्सवाला की जर्नी में एक अहम मील का पत्थर है। हम यहां के स्टूडेंट्स का फिजिक्सवाला परिवार में स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं।"

नॉलेज प्लैनेट के बारे में

मोनिका ओली और सचिन भारती गुप्ता ने 2011 में नॉलेज प्लैनेट की स्थापना की थी। नॉलेज प्लैनेट JEE और NEET जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए की तैयारी और ट्रेनिंग प्रदान करता है। फिजिक्सवाला ने कहा कि नॉलेज प्लैनेट के साथ मिलकर वह अपने मौजूदा बैच के ऑफर्स को ज्यादा स्टूडेंट्स तक पहुंचा सकेगा। फिजिक्सवाला ने यह भी कहा कि यह मिस्र और तुर्की जैसे देशों में भी अपने बिजनेस का ऑफ़लाइन विस्तार करना चाहता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।