Bank Strike: हफ्ते में 5 दिन काम करना चाहते हैं सरकारी बैंकों के कर्मचारी, 27 जून को हड़ताल पर जाने की दी चेतावनी

कर्मचारी संगठनों ने कहा कि अगर उनकी मांगे नहीं सुनी जाती हैं तो देश भर के करीब सात लाख बैंक कर्मचारी 27 जून को हड़ताल में शामिल होंगे

अपडेटेड Jun 09, 2022 पर 7:56 AM
सरकारी बैंककर्मियों ने 27 जून को हड़ताल (Bank Strike) पर जाने की चेतावनी दी है

सरकारी बैंकों (Public Sector Bank) के कर्मचारियों ने 27 जून को हड़ताल (Bank Strike) पर जाने की चेतावनी दी है। बैंक कर्मचारियों के संगठनों ने बुधवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मुख्य मांगों में सप्ताह में 5 दिन काम और पेंशन से जुड़े मुद्दों का समाधान शामिल है।

इस हड़ताल की चेतावनी यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (UFBU) की तरफ से जारी की गई है, जो देश के नौ बैंक यूनियनों का एक संयुक्त संगठन है। इसके अलावा ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन (AIBOC), ऑल इंडिया बैंक एंप्लॉयी एसोसिएशन (AIBEA) और नेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक वर्कर्स (NOBW) भी इस हड़ताल में शामिल होंगे।

AIBEA के जनरल सेक्रेटरी सीएच वेंकटचलम ने UFBU की बैठक के बाद कहा कि उनकी मांगों में सभी पेंशनभोगियों के लिए पेंशन योजना में संधोशन, राष्ट्रीय पेंशन योजना को खत्म करना और सभी बैंक कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना शामिल है।


यह भी पढ़ें- भारत की दो ऑयल कंपनियों के साथ डील करने से पीछे हटा रूस, कहा नहीं है अतिरिक्त तेल : रिपोर्ट

AIBOC की महासचिव सौम्या दत्ता ने कहा अगर सरकार और बैंक मैनजमेंट उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देते हैं, तो देश भर के करीब सात लाख बैंक कर्मचारी 27 जून को हड़ताल में शामिल होंगे। अगर कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल का फैसला वापस नहीं लिया तो 27 जून को बैंकिंग कामकाज काफी प्रभावित हो सकता है।

हड़ताल का असर अधिकतम हो, इसी को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी संगठनों ने 27 जून की तारीख चुनी है, जो सोमवार को दिन है। इससे पहले 25 जून को हफ्ते का चौथा शनिवार होने के नाते बैंक रहेंगे, जबकि 26 जून को इतवार होने के नाते बैंक बंद रहेंगे। इस तरह हड़ताल के चलते लगातार तीन दिन तक बैंक बंद रह सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।