पीरामल एंटरप्राइजेज (Piramal Enterprises) ने 26 जुलाई को एक्सचेंज को सूचित किया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने उसको एक गैर-बैंकिंग वित्त कंपनी (NBFC) के तौर पर कारोबार करने की मंजूरी दे दी है। हालांकि कंपनी को सार्वजनिक जमा स्वीकार करने की अनुमति नहीं होगी। कंपनी ने ये भी बताया है कि उसको ये लाइसेंस 26 जुलाई 2022 को मिला है।
कंपनी ने इस बारे में जारी विज्ञप्ति में कहा कि "लिस्टिंग रेग्यूलेशन के विनियम 30 के प्रावधानों के अनुसार, हम आपको सूचित करते हैं कि भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934 की धारा 45 आईए के तहत भारतीय रिजर्व बैंक ने कंपनी को सार्वजनिक जमा स्वीकार किए बिना गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थान व्यवसाय का पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदान किया है"।
इसके पहले कंपनी ने NBFC License के लिए आरबीआई में आवेदन किया था। बता दें कि गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी के तौर पर कारोबार करना पिछले साल घोषित कंपनी के डिमर्जर प्लान का ही एक हिस्सा है। पीरामल एंटरप्राइजेज (Piramal Enterprises) ने 7 अक्टूबर 2021 को अपने फार्मा कारोबार को फाइनेंशियल कारोबार से डिमर्ज करने का एलान किया था। कंपनी के इस कदम का उद्देश्य कंपनी को कॉर्पोरेट ढ़ाचे को सरल करना है। इस डिमर्जर के परिणामस्वरूप दो अलग लिस्टेड कंपनियां बनेंगी।