मंदी की आशंका के बीच दुनियाभर की कंपनियों में छंटनी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सॉफ्टबैंक ग्रुप कॉर्प (SoftBank Group Corp) एक बार फिर नए राउंड की छंटनी की तैयारी में है। इस राउंड में ग्रुप के विजन फंड इन्वेस्टमेंट आर्म (Vision Fund) में कर्मचारियों की छंटनी होगी। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक कंपनी ने लागत में कटौती के लिए यह निर्णय लिया है। इस नए राउंड की छंटनी की घोषणा अगले दो हफ्तों में हो सकती है। इसके तहत 30 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने की संभावना है, जिसमें अमेरिका के कर्मचारी भी शामिल हैं।'
विजन फंड यूनिट को भारी निवेश घाटा
कंपनी की एक रिपोर्ट के मुताबिक सॉफ्टबैंक की विजन फंड यूनिट को भारी निवेश घाटा हुआ है। मार्च 2023 की तिमाही के अंत में कंपनी में कुल 349 कर्मचारी हैं। हालांकि, रॉयटर्स के मुताबिक सॉफ्टबैंक ने छंटनी के मामले में किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
सॉफ्टबैंक को फिनटेक की दिग्गज कंपनी Klarna और टिकटॉक के ओनर बाइटडांस जैसी टेक कंपनियों के निवेशक के रूप में जाना जाता है। ब्याज दर में तेज बढ़ोतरी और अमेरिका-चीन के तनाव के बीच ग्रुप के पोर्टफोलियो के वैल्यूएशन में गिरावट देखी गई है।
ग्रुप ने 31 मार्च को समाप्त वर्ष में 970 बिलियन येन (7.2 अरब डॉलर) का एनुअल नेट लॉस दर्ज किया। इसने अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग लिमिटेड (9988.एचके) में अपनी हिस्सेदारी बेचकर विजन फंड यूनिट में इन्वेस्टमेंट लॉस को कम किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि मार्च के अंत में विजन फंड 2 का पोर्टफोलियो 31 अरब डॉलर का था, जबकि इसकी अधिग्रहण लागत 49.9 अरब डॉलर थी।