नॉन-प्रॉफिट ऑर्गेनाइजेशन और एजुकेशनल वेबसाइट Code.org ने अमेरिका की एक अदालत में बायजूज (Byju’s) से जुड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म वाइटहैट जूनियर (WhiteHat Jr) के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। मुकदमे की यह खबर ऐसे वक्त पर आई है, जब बायजूज को पहले से ही कई मोर्चों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
इस सिलसिले में मनीकंट्रोल (Moneycontrol) को मिले दस्तावेजों के मुताबिक, एजुकेशनल वेबसाइट ने 1 दिसंबर को वाइटहैट जूनियर के खिलाफ केस दायर किया, जिसमें वाइटहैट पर कॉन्ट्रैक्ट भंग करने का आरोप लगाया गया है।
वाइटहैट जूनियर ने मई 2021 में Code.org के एक साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जो प्रोपराइटरी कोडिंग कोर्स से जुड़ा था। इस पार्टनरशिप के जरिये वाइटहैट जूनियर ने Code.org की सेवाओं के आधार पर अपने कॉन्टेंट को कस्टमाइज किया था।
मनीकंट्रोल ने हाल में खबर दी थी कि बायजूज ने अपनी पूर्णस्वामित्व वाली सब्सिडियरी वाइटहैट जूनियर को री-ब्रांड करने का फैसला किया है, जबकि कंपनी की एसेट्स को अन्य बिजनेस वर्टिकल में इंटीग्रेट किया जाएगा। इस कदम का मकसद लिक्विडिटी की चुनौती से निपटने के लिए कॉस्ट में कटौती करना है। बायजूज ने तीन साल पहले वाइटहैट जूनियर को 30 करोड़ डॉलर में खरीदा था। हालांकि, यह नुकसान में चलने वाली बायजूज की सब्सिडियरीज में से एक है।
बायजूज अधिग्रहण के बाद से वाइटहैट जूनियर में 10 करोड़ डॉलर का निवेश कर चुकी है। कुछ महीने पहले वाइटहैट जूनियर की CEO अनन्या त्रिपाठी ने भी अपना इस्तीफा सौंपा था।