BharatPe के पूर्व CEO अशनीर ग्रोवर ने अपने वेंचर थर्ड यूनिकॉर्न प्राइवेट लिमिटेड के लिए सीड फंडिंग में लगभग 40 लाख डॉलर जुटाए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स से यह जानकारी मिली है। जेडएनएल ग्रोथ फंड के नेतृत्व में फंडिंग राउंड में अनमोल सिंह जग्गी, अनिरुद्ध केडिया, विशाल केडिया सहित दो दर्जन से अधिक निवेशकों ने भाग लिया। थर्ड यूनिकॉर्न एक क्रिकेट फैंटेसी गेमिंग प्लेटफॉर्म 'Crickpe' लॉन्च कर रहा है। इसका वेबसाइट अभी भी डेवलपमेंट फेज में है, लेकिन इसमें थर्ड यूनिकॉर्न द्वारा संचालित Crickpe को देखा जा सकता है।
इस स्टार्टअप कंपनी के फाउंडर ग्रोवर ने हाल ही में लिंक्डइन पर कहा, "थर्ड यूनिकॉर्न में हमने शांति के साथ एक बिजनेस तैयार किया है। बिना लाइमलाइट के। और हम चीजों को अलग तरीके से कर रहे हैं। बहुत अलग तरीके से।"
ग्रोवर ने आगे अपने नए वेंचर की झलक दिखाते हुए एक स्लाइड शो साझा किया और बताया कि कैसे उनकी नई कंपनी सिर्फ 50 मेंबर्स के साथ शुरू होने वाली है। उन्होंने थर्ड यूनिकॉर्न में पांच साल पूरे करने वाले कर्मचारियों को मर्सिडीज देने का भी वादा किया है। उन्होंने कहा, 'ग्रेच्युटी तो बेज्जती के लिए होती है।'
अश्नीर ग्रोवर ने क्या कहा?
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी केवल भारत के निवेशकों पर फोकस कर रही है और वेंचर पूंजीपतियों को दूर रहने के लिए कहा है। "वीसी-एसएचसी कृपया दूर रहें। हम केवल देसी/खुद के द्वारा कमाए गए कैपिटल का इस्तेमाल करते हैं।"
पिछले साल अपना 40वां जन्मदिन मनाते हुए ग्रोवर ने सोशल मीडिया ऐप ट्विटर पर घोषणा की कि वह एक और "यूनिकॉर्न" स्टार्टअप शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे बिजनेस की दुनिया में फिर से एंट्री करने के लिए तैयार हैं। BharatPe और Grofers दो अन्य यूनिकॉर्न हैं जिनसे ग्रोवर जुड़े थे।