Byju’s Layoff : एड-टेक फर्म बायजूस (Byju’s) ने छह महीने से भी कम समय में एक बार फिर छंटनी का ऐलान किया। कंपनी 1,000 से 1,200 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक बायजूस की इंजीनियरिंग, सेल्स, लॉजिस्टिक्स, मार्केटिंग और कम्युनिकेशन टीमों के कई कर्मचारियों कों नौकरी से निकाला गया है। दिलचस्प बात यह है कि किसी भी कर्मचारी को छंटनी की जानकारी ई-मेल के ज़रिए नहीं दी गई है, बल्कि उन्हें Google मीट पर कॉल करके इसकी सूचना दी गई। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि आमतौर पर ई-मेल लीक हो जाते हैं। सूत्रों के मुताबिक, कर्मचारियों को नॉर्मल मैसेज भेजकर या व्हाट्सऐप कॉल के जरिए गूगल मीट ज्वाइन करने के लिए कहा गया और वहां उन्हें छंटनी की सूचना दी गई।
इंजीनियरिंग टीम से लगभग 300 कर्मचारी बर्खास्त
सूत्रों ने कहा कि इंजीनियरिंग टीम से लगभग 300 कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है, जबकि लॉजिस्टिक्स टीम की कर्मचारियों की संख्या 50 फीसदी घटा दी गई है। एक अन्य सूत्र ने कहा कि Byju’s लॉजिस्टिक्स को आउटसोर्स कर रहा है और इसलिए कंपनी ने अपने इन-हाउस लॉजिस्टिक्स टीम के आकार में 50 प्रतिशत की कमी की है।
फिर से छंटनी नहीं होने का दिया गया था भरोसा
Byju के को-फाउंडर और CEO बायजू रवींद्रन ने कई इंटरनल ईमेल में कर्मचारियों को भरोसा दिया था कि अब कंपनी आगे कोई छंटनी नहीं करेगी क्योंकि 5 प्रतिशत या लगभग 2,500 कर्मचारियों छंटनी पहले ही की जा चुकी है। अक्टूबर में कर्मचारियों को एक इंटरनल ईमेल में रवींद्रन ने कहा, "बायजू छंटनी वाले कर्मचारियों को फिर से काम पर रखने को प्राथमिकता देगी क्योंकि कंपनी कई बदलाव कर रही है और नए पदों पर कंपनी को आगे दोबारा हायरिंग की जरूरत होगी।
जनवरी में हर दिन 3400 कर्मचारियों की छंटनी
बता दें कि पिछले कुछ समय में दुनिया भर की कंपनियों ने जमकर छंटनी की है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी में हर दिन औसतन 3400 से अधि टेक कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया है। इन कंपनियों में Google, Amazon, Goldman Sachs, Meta, Twitter, Stripe, Lyft, Affirm और CloudKitchens जैसी कंपनियां शामिल हैं।