बकाया सैलरी पाने के लिए Dunzo के पूर्व एंप्लॉयीज को करना होगा लंबा इंतजार

कैश संकट से जूझ रही स्टार्टअप डंजो (Dunzo) ने अपने पूर्व कर्मचारियों को बताया है कि उन्हें अपनी बकाया सैलरी पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। Dunzo के मुताबिक, जो एंप्लॉयीज कंपनी से अलग हुए हैं, उनका फुल एंड फाइनल पेमेंट अब जनवरी या फरवरी 2024 में होगा। एक बार फिर से सैलरी भुगतान टालने का Dunzo का फैसला ऐसे वक्त में आया है, जब कंपनी 2.5 से 3 करोड़ डॉलर जुटाकर बकाया रकम का भुगतान करने की तैयारी में है

अपडेटेड Oct 03, 2023 पर 3:18 PM
हाल ही में Dunzo के दो को-फाउंडर्स मुकुंद झा और दलवीर सूरी ने कंपनी से अलग होने का फैसला किया है।

कैश संकट से जूझ रही स्टार्टअप डंजो (Dunzo) ने अपने पूर्व कर्मचारियों को बताया है कि उन्हें अपनी बकाया सैलरी पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। Dunzo के मुताबिक, जो एंप्लॉयीज कंपनी से अलग हुए हैं, उनका फुल एंड फाइनल पेमेंट अब जनवरी या फरवरी 2024 में होगा। एक बार फिर से सैलरी भुगतान टालने का Dunzo का फैसला ऐसे वक्त में आया है, जब कंपनी 2.5 से 3 करोड़ डॉलर जुटाकर बकाया रकम का भुगतान करने की तैयारी में है।

कंपनी ने पहले जून और जुलाई की सैलरी का एक हिस्सा रोक लिया था और वादा किया था कि सभी बकाया रकम का भुगतान 20 जुलाई तक हो जाएगा। 20 जुलाई की समयसीमा पार कर जाने के बाद Dunzo ने फिर से कई नई समयसीमा तय की, लेकिन वह अब तक भुगतान नहीं कर पाई है। कंपनी ने पूर्व एंप्लॉयीज को भेजी गई ईमेल में कहा है, 'हम यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि बकाया वेतन का जल्द से जल्द भुगतान हो जाए। हालांकि, हम खेद के साथ आपको यह बताना चाहते हैं कि मौजूदा हालात में बकाया सैलरी का भुगतान जनवरी-फरवरी 2024 तक ही हो पाएगा।' इस ईमेल की कॉपी मनीकंट्रोल (Moneycontrol) के पास भी है।

हाइपरलोकल डिलीवरी कंपनी अब भी सर्विस पीरियड के लिए 12 पर्सेंट सालाना ब्याज देने का वादा कर रही है। Dunzo पहले भी ब्याज का भुगतान करने का वादा कर चुकी है, लेकिन उसने अब तक अपना वादा पूरा नहीं किया है। ईमेल में कहा गया है, ' सभी अन्य बाकी पेमेंट (जिनमें अगस्त/सितंबर की सैलरी भी शामिल है) का भुगतान जनवरी-फरवरी 2024 तक कर दिया जाएगा।'


हाल ही में Dunzo के दो को-फाउंडर्स मुकुंद झा और दलवीर सूरी ने कंपनी से अलग होने का फैसला किया है। झा और सूरी ने रिलायंस रिटेल के बाकी प्रतिनिधियों के साथ कंपनी के बोर्ड से भी इस्तीफा दे दिया है। Dunzo में सबसे बड़ी हिस्सेदारी रिलायंस रिटेल की है। लाइटरॉक (Lightrock) की वैदेही रवींद्रन भी कंपनी के बोर्ड से बाहर निकल गई हैं। इसका मतलब यह है कि Dunzo के 8 में से 5 डायरेक्टर कंपनी के बोर्ड से बाहर निकल गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।