डुंजो (Dunzo) में इस्तीफों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सूत्रों ने बताया कि अब कंपनी के फाइनेंस हेड सुर्दशन एन ने कंपनी छोड़ने का ऐलान किया है। उनका इस्तीफा ऐसे वक्त में हुआ है, जब हाइपरलोकल डिलीवरी कंपनी फंड जुटाने की तैयारी में है और कैश संकट से निपटने की हरमुमकिन कोशिश कर रही है। लिंक्डइन (LinkedIn) पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सुदर्शन एन ने पेश से चार्टर्ड एकाउंटेंट हैं और Dunzo में उनका कार्यकाल काफी कम अवधि यानी एक साल ही रहा।
इससे पहले उन्होंने स्विगी (Swiggy) में तकरीबन चार साल तक काम किया था। स्विगी से पहले वह अर्न्स्ट एंड यंग (E&Y) में थे, जहां उन्होंने तकरीबन 8 साल तक काम किया। सुदर्शन की लिंक्डइन प्रोफाइल भी उनके इस्तीफे की पुष्टि कर रही है। इस बारे में मनीकंट्रोल (Moneycontrol) की तरफ से Dunzo को भेजी गई ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला।
Dunzo में सुदर्शन एन की भूमिका काफी अहम थी। कैश की दिक्कत की वजह से कंपनी को सैलरी भुगतान में देरी करने पर मजबूर होना पड़ा है, जबकि कई बार वादा करने के बावजूद भी कंपनी एंप्लॉयीज की बकाया सैलरी का भुगतान नहीं कर पाई है। कंपनी को अब फाइनेंस हेड की जरूरत है। साथ ही, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए कंपनी 2.5-3 करोड़ डॉलर का इंतजाम करने की कोशिश कर रही है।
Dunzo के को-फाउंडर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर मुकुंद झा ने टाउनहॉल मीटिंग में स्वीकार किया था कि कंपनी में पहले से चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) की भर्ती नहीं करना बड़ी गलती थी। हालांकि, कंपनी ने CFO की भर्ती को लेकर अब तक कोई अपडेट जारी नहीं किया है। सुदर्शन के इस्तीफे से पहले टॉप लेवल पर मौजूद कई और लोग कंपनी छोड़ चुके हैं। कंपनी के को-फाउंडर मुकुंद झा और दलवीर सूरी भी कंपनी से बाहर निकलने की तैयारी में हैं।