फ्लिपकार्ट (Flipkart) के को-फाउंडर बिन्नी बंसल (Binny Bansal) नई स्टार्टअप कंपनी शुरू करने की तैयारी में हैं। सूत्रों ने बताया कि बंसल का ई-कॉमर्स स्पेस में स्टार्टअप लॉन्च करने का प्लान है। बंसल ने हाल में फ्लिपकार्ट की अपनी बाकी हिस्सेदारी बेची थी। उन्हें फ्लिपकार्ट में स्टेक सेल से 1-1.5 अरब डॉलर मिले हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बंसल इस बार फ्लिपकार्ट की तरह कंज्यूमर से सीधे तौर पर जुड़ी इंटरनेट फर्म के बजाय ऐसी स्टार्टअप कंपनी शुरू करने की तैयारी में हैं, जो भारतीय और ग्लोबल इ-कॉमर्स (e-commerce) कंपनियों को डिजाइन, प्रॉडक्ट और मानव संसाधन मुहैया कराएगी।
एक सूत्र ने बताया, 'यह ई-कॉमर्स के लिए केपीओ (KPO) यानी नॉलेज प्रोसेस आउटसोर्सिंग फर्म जैसा होगा। बंसल का आइडिया ऐसी ग्लोबल फर्म बनाना है, जो ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ काम कर सके और उन्हें बैकएंड सपोर्ट मुहैया करा सके।'
एक और शख्स ने बताया कि बंसल अपने नए वेंचर के लिए सीईओ (CEO) की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'बिन्नी बंसल पूंजी लगाएंगे, लेकिन अपने पूर्व पार्टनर सचिन बंसल (फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर) की तरह वह अपने बिजनेस को नहीं चलाएंगे।'
सचिन बंसल अपनी कंपनी नवी (Navi) में पूरी तरह सक्रिय हैं। सूत्रों का कहना था कि बिन्नी बंसल अपने इस बिजनेस के लिए बाहर से फंड का इंतजाम नहीं करेंगे और इसमें अपनी ही पूंजी लगाएंगे। कुछ समय पहले मनीकंट्रोल (Moneycontrol) ने खबर दी थी कि बिन्नी बंसल ने फ्लिपकार्ट में मौजूद अपनी बाकी हिस्सेदारी बेच दी है और कंपनी से पूरी तरह बाहर निकल गए हैं।
एंजेल इनवेस्टर की भूमिका निभा रहे बिन्नी
फ्लिपकार्ट छोड़ने के बाद बिन्नी बंसल एंजेल इनवेस्टर बन गए हैं और उन्होंने फोनपे (PhonePe) जैसी बड़ी स्टार्टअप फर्मों में भी निवेश किया है। उन्होंने एको (Acko), अथर एनर्जी (Ather Energy), क्योरफूड्स (Curefoods), कल्टफिट (Cultfit), ब्राइटचैंप्स, अनअकैडमी आदि फर्मों में भी निवेश किया है। आंकड़ों के मुताबिक, बिन्नी बंसल ने कुल मिलाकर 60 से ज्यादा स्टार्टअप फर्मों में निवेश कर रखा है।