Startups Funding : भारतीय स्टार्टअप्स को अच्छी फंडिंग, 2022 की पहली तिमाही में जुटाए 10 अरब डॉलर

बेंगलूरु के स्टार्टअप्स ने 2022 की पहली तिमाही में 121 डील्स से 4.6 अरब डॉलर जुटाए। वहीं मुंबई 47 डील्स में 1.46 अरब डॉलर जुटाकर दूसरे नंबर पर रहा

अपडेटेड Apr 01, 2022 पर 2:53 PM
वेंचर इंटेलिजेंस (Venture Intelligence) से मिले डाटा के मुताबिक, स्टार्टअप्स ने 2022 के शुरुआती तीन महीनों में 329 डील्स के जरिये लगभग 10.5 अरब डॉलर जुटाए

Startups Funding : भारतीय स्टार्टअप्स ने वर्ष 2022 की पहली तिमाही में इनवेस्टर्स से 10 अरब डॉलर की रकम जुटाई है। इससे वैश्विक चिंताओं के बीच देश में फंडिंग डील्स जारी रहने के संकेत मिलते हैं।

वेंचर इंटेलिजेंस (Venture Intelligence) से मिले डाटा के मुताबिक, स्टार्टअप्स ने 2022 के शुरुआती तीन महीनों में 329 डील्स के जरिये लगभग 10.5 अरब डॉलर जुटाए, जो पिछली तिमाही में 315 डील्स से जुटाए गए 10.4 अरब डॉलर के लगभग बराबर ही हैं। हालांकि, यह आंकड़ा एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में दोगुना है, जब स्टार्टअप्स ने 225 डील्स के जरिये 5.7 अरब डॉलर जुटाए थे।

आगे फंड रेजिंग पर असर पड़ने का अनुमान


जहां डील्स का आकार अभी भी बढ़ रहा है, वहीं ऐसा अनुमान भी है कि इन डील्स में से ज्यादातर पिछले साल के आखिर में हुई हों और 2022 की पहली तिमाही में इनका ऐलान हुआ हो। 2022 की शुरुआत में वैश्विक चिंताओं के असर के क्रम में घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय शेयर बाजारों में तेज गिरावट का असर आने वाले दिनों में फंड रेजिंग पर पड़ने का अनुमान है।

Russia Ukraine War : रूस ने दिया भारत को बड़ा ऑफर, 35 डॉलर प्रति बैरल सस्ते तेल की पेशकश की

अब ज्यादा सतर्क हुए इनवेस्टर्स

वेंचर इंटेलिजेंस के फाउंडर अरुण नटराजन ने कहा कि भले ही तिमाहीवार स्टार्टअप फंडिंग (startup funding) स्थिर रही है, लेकिन फरवरी के मध्य से खासी उथलपुथल के संकेत हैं।

नटराजन ने कहा, “अमेरिका में टेक्नोलॉजी स्टॉक के साथ ही IPO के बाद यूनिकॉर्न बनी कंपनियों के शेयरों में गिरावट के साथ आगे टेक स्टार्टअप में आक्रामक फंडिंग पर रोक लगने का अनुमान है। अब इनवेस्टर्स ज्यादा सतर्क हो रहे हैं।”

31 मार्च को बेन एंड कंपनी (Bain & Company) के पार्टनर अर्पण सेठ ने कहा कि इनवेस्टर्स क्वालिटी एसेट्स में निवेश बढ़ा सकते हैं और डील की धीमी प्रक्रिया के साथ उचित वैल्युएशन पर जोर दे सकते हैं।

Indian-startup-funding-scorecard

मनीकंट्रोल मास्टरक्लास के हाल के एपिसोड में इंडिया कोशेंट के जनरल पार्टनर मधुकर सिन्हा ने कहा कि इनवेस्टर्स अब कंपनी की वास्तविक स्थिति पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं और ग्रोथ के पीछे छिपे आंकड़ों पर ज्यादा सवाल पूछ रहे हैं।

बड़े फाइनेंसिंग राउंड

डाटा से पता चलता है कि फाइनेंसिंग के राउंड विशेषकर स्टेज राउंड्स में ज्यादा बड़े हो गए हैं।

सीरीज ए राउंड में औसत डील साइज 2022 की पहली तिमाही में दोगुने होकर 2.03 करोड़ डॉलर के हो गए, जबकि 2022 की चौथी तिमाही में यह 1.075 करोड़ डॉलर और 2021 की पहली तिमाही में 64.8 लाख डॉलर के थे। वहीं 2022 की पहली तिमाही में औसत डील साइज 21.5 लाख डॉलर रहे, जबकि 2021 की चौथी तिमाही में यह आंकड़ा 17.6 लाख डॉलर और 2021 की पहली तिमाही में 14.9 लाख डॉलर था।

फंडिंग में सबसे आगे बेंगलूरु

फंडिंग डील्स में बेंगलुरु सबसे आगे रहा है। इस शहर के स्टार्टअप्स ने 2022 की पहली तिमाही में 121 डील्स से 4.6 अरब डॉलर जुटाए। वहीं मुंबई के स्टार्टअप्स 47 डील्स में 1.46 अरब डॉलर जुटाकर दूसरे नंबर पर रहे। दिल्ली और गुरुग्राम ने मिलकर 69 डील्स के जरिये 1.03 अरब डॉलर जुटाए।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।