अपने प्रीमियम फैशन वेंचर के लिए 5 करोड़ डॉलर जुटाने की तैयारी में मुकेश बंसल

मामले से वाकिफ सूत्रों ने बताया कि बंसल फंड जुटाने के लिए पीक XV पार्टनर्स और एक्सेल से बातचीत कर रहे हैं। बंसल अपने नए बिजनेस प्रोजेक्ट पर मोहित गुप्ता के साथ काम कर रहे हैं। मोहित गुप्ता जोमैटो के को-फाउंडर रह चुके हैं, जहां वह कंपनी के फूड डिलीवरी बिजनेस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे

अपडेटेड Aug 18, 2023 पर 3:46 PM
मुकेश बंसल के पास ई-कॉमर्स सेगमेंट से जुड़े कई अनुभव हैं।

मिंट्रा (Myntra) और कल्टफिट (Cultfit) जैसे ब्रांड के फाउंडर रहे मुकेश बंसल अब अपने एक और वेंचर के लिए 5 करोड़ डॉलर जुटाने की तैयारी में हैं। मामले से वाकिफ सूत्रों ने बताया कि बंसल फंड जुटाने के लिए पीक XV पार्टनर्स (Peak XV Partners ) और एक्सेल (Accel) से बातचीत कर रहे हैं। यह बातचीत निर्णायक दौर में है। पीक XV पार्टनर्स का पुराना नाम सिकोया इंडिया (Sequoia India) था।

बंसल अपने नए बिजनेस प्रोजेक्ट पर मोहित गुप्ता के साथ काम कर रहे हैं। बंसल का यह नया कारोबार प्रीमियम फैशन सेगमेंट से जुड़ा है और जेनरेशन जेड (Z) को टारगेट करेगा। ई-कॉमर्स खिलाड़ियों के लिए यह सेगमेंट काफी आकर्षक है। मोहित गुप्ता जोमैटो (Zomato) के को-फाउंडर रह चुके हैं, जहां वह कंपनी के फूड डिलीवरी बिजनेस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

दूसरी तरफ, बंसल के पास ई-कॉमर्स सेगमेंट से जुड़े कई अनुभव हैं। उन्होंने फैशन पोर्टल मिंट्रा (Myntra) के साथ शुरुआत की और Virgio नामक वेंचर में भी निवेश किया।  उन्होंने यह वेंचर (Virgio ) जेनरेशन जेड (Gen) की फैशन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मिंट्रा के एक और एग्जिक्यूटिव अमर नागरम के साथ शुरू किया था। बंसल ने 2021 में प्रेसिडेंट के तौर पर टाटा डिजिटल भी ज्वाइन किया था। हालांकि, बाद में यहां सक्रिय भूमिका में नहीं रहे। टाटा ग्रुप ने बंसल के वेंचर (Cultfit) में 7.5 करोड़ डॉलर निवेश किया था, जिसके बाद इस पद पर बंसल की एंट्री हुई थी।


एक सूत्र ने बताया, 'फंडिंग के इस दौर की अगुवाई पीक XV करेगा और इसमें ऐक्सेल की भी भागीदारी होगी। मुकेश बंसल कई निवेशकों से बातचीत कर रहे हैं और 10 करोड़ डॉलर के मनी वैल्यूएशन के बाद 4-5 करोड़ डॉलर जुटाने की तैयारी में है।' गुप्ता दिल्ली में इस वेंचर पर काम करेंगे, जबकि बंसल बेंगलुरु में रहते हुए कल्टफिट की जिम्मेदारी संभालना जारी रखेंगे।' बंसल ने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की, जबकि पीक XV और ऐक्सेल ने भी कोई जवाब नहीं दिया।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।