MyGate Layoff : कम्युनिटी और सिक्योरिटी मैनेजमेंट स्टार्टअप कंपनी MyGate ने अपने 30 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी ने फंडिंग विंटर यानी फंडिंग की समस्या के चलते यह निर्णय लिया है। बेंगलुरु स्थित इस स्टार्टअप ने पिछले 15 दिनों में मिड-मैनेजमेंट और जूनियर कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। बता दें कि पिछले कुछ समय में कई स्टार्टअप कंपनियों को फंडिंग मिलने में परेशानी हो रही है, ऐसे में बड़े पैमाने पर छंटनी की जा रही है।
पहले 600 कर्मचारियों की टीम थी, लेकिन छंटनी के बाद स्टार्टअप के कर्मचारियों की संख्या घटकर 400 हो गई है। इसका मतलब है कि 200 कर्मचारियों की छंटनी की गई है। रिपोर्ट के अनुसार हटाए गए कुछ कर्मचारियों को दो महीने के वेतन की पेशकश की गई, जबकि अन्य को कोई सेवरेंस पैकेज नहीं दिया गया। छंटनी के बारे में पूछताछ करने के लिए स्टार्टअप को एक मेल भेजा गया, पर उन्होंने रिपोर्ट लिखे जाने तक इसका कोई जवाब नहीं दिया है।
इस कंपनी की शुरुआत साल 2016 में विजय अरिसेट्टी, विवेक भारद्वाज, श्रेयांस डागा और अभिषेक कुमार द्वारा की गई थी। यह कंपनी अपार्टमेंट परिसरों के एंट्री और एग्जिट गेट पर सिक्योरिटी मैनेजमेंट का काम करती है। यह RFID कार्ड, बायोमेट्रिक्स और व्हीकल स्टिकर जैसी अन्य सिक्योरिटी-संबंधित सिस्टम भी ऑफर करती है। MyGate अपने मोबाइल ऐप के माध्यम से इंडिविजुअल रेसिडेंट्स को चाइल्ड सिक्योरिटी के साथ विजिटर, डिलीवरी और डेली हेल्प मैनेजमेंट जैसी अलग-अलग सर्विसेज प्रदान करता है।