ऑनलाइन फैशन स्टोर मिंट्रा (Myntra) की होम कैटगरी वाले प्रॉडक्ट्स की मांग में सालाना आधार पर 50 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई है। इस वजह से कंपनी ने अपने होम सेक्शन में 50,000 नए प्रॉडक्ट्स और 20 से भी ज्यादा ब्रांड्स जोड़े हैं, ताकि आागामी फेस्टिव सीजन में ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों की मांग को पूरा किया जा सके।
कंपनी के एक सीनियर एग्जिक्यूटिव ने बताया, 'मिंट्रा फैशन, ब्यूटी और लाइफस्टाइल से जुड़ा अहम ई-कॉमर्स प्लैटफॉर्म है। कंपनी के स्टाइलिश और यूनीक होम प्रॉडक्ट्स की मांग लगातार बढ़ रही है। फेस्टिव सीजन के दौरान भारत में होम डेकोरेशन काफी अहम हो गया है और इन जरूरतों को पूरा करने के लिए हमने तैयारी पूरी कर ली है।'
मिंट्रा के मुताबिक, फेस्टिव सीजन उपभोक्ताओं के लिए अपने घर को खूबसूरत बनाने और अपने किचन को अप्लायंसेज और अन्य जरूरी आइटम के जरिये अपग्रेड करने का बेहतर मौका होता है। कंपनी की होम कैटगरी में होम फर्निशिंग आइटम की हिस्सेदारी तकरीबन 50 पर्सेंट है। इन आइटम में बेडशीट, परदा, कुशन कवर आदि शामिल हैं। मिंट्रा के पोर्टफोलियो में ये आइटम प्रमुख सेगमेंट के तौर पर मौजूद हैं। मिंट्रा की कैटगरी में जो ब्रांड लिस्टेड हैं, उनमें बॉम्बे डाइंग (Bombay Dyeing), एचएंडएम होम (H&M Home), स्टारबक्स (Starbucks), फिलिप्स (Philips), जेसी कलेक्शन (JC Collection) और एलिमेंट्री (Ellementary) शामिल हैं।
इस कैटगरी में जिन प्रॉडक्ट्स की मांग सबसे ज्यादा है, उनमें बेडशीट, परदा, डेकोरेशन आइटम, बेड और तकिया कवर, किचन से जुड़े आइटम, किचन स्टोरेज सॉल्यूशंस और छोटे होम अप्लायंसेज शामिल हैं। कंपनी का मानना है कि कोविड के बाद लोग ज्यादा समय घर पर बिताने लगे हैं और इस वजह से घरों को सजाने-संवारने में लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ी है। साथ ही, ऑफिस के अलावा कुछ दिन घर से काम करने का मॉडल विकसित होने की वजह से भी इन चीजों पर लोगों का फोकस बढ़ा है।