Ola Electric : अगले महीने तक 500 शोरूम खोलेगी ओला इलेक्ट्रिक, जानिए क्या है कंपनी का प्लान

Ola Electric ने कहा कि उसका मकसद ग्राहकों को एक ही छत के नीचे सभी सर्विसेज प्रदान करना है। वे इन आउटलेट्स पर ग्राहकों को ओला के इलेक्ट्रिक व्हीकल का टेस्ट करने और वाहन की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा देंगे। ओला इलेक्ट्रिक के आउटलेट्स को 'ओला एक्सपीरियंस सेंटर्स' के नाम से जाना जाता है

अपडेटेड Feb 16, 2023 पर 3:44 PM
भारत की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर स्टार्ट-अप कंपनी ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) अगले महीने तक देश में 500 शोरूम खोलने जा रही है।

Ola Electric : भारत की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर स्टार्ट-अप कंपनी ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric) अगले महीने तक देश में 500 शोरूम खोलने जा रही है। कंपनी ने मार्च 2023 तक अपने नेटवर्क को 500 आउटलेट तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में, कंपनी के पास भारत के सभी बड़े शहरों में 200 आउटलेट हैं। ओला इलेक्ट्रिक के आउटलेट्स को 'ओला एक्सपीरियंस सेंटर्स' के नाम से जाना जाता है। कंपनी ने कहा कि उसका मकसद एक ही छत के नीचे सभी सर्विसेज प्रदान करना है। वे इन आउटलेट्स पर ग्राहकों को ओला के इलेक्ट्रिक व्हीकल का टेस्ट करने और वाहन की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा देंगे।

क्या है कंपनी का प्लान

ओला ने कहा कंपनी हर दिन लगभग 6-7 शोरूम खोलने के लिए काम कर रही है। कंपनी ने कहा कि उसके लगभग 80 फीसदी ग्राहक उसके एक्पीरियंस सेंटर्स के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। ओला के नए आउटलेट टियर III और IV शहरों और कस्बों में खोले जाएंगे। कंपनी ने आगे कहा कि ग्राहक Ola S1 और S1 Pro के लिए टेस्ट राइड बुक कर सकते हैं, खरीद को लेकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं, फाइनेंसिंग ऑप्शन के बारे में जान सकते हैं और ओला ऐप पर खरीदी भी कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि ग्राहक ओला के आउटलेट्स पर स्कूटर का टेस्ट तो कर सकते हैं, लेकिन उन्हें इसे ओला ऐप के माध्यम से ही खरीदना होगा।


कंपनी का बयान

ओला इलेक्ट्रिक के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर अंशुल खंडेलवाल ने कहा कि ये एक्सपीरियंस सेंटर ओला स्कूटरों की खरीद के बाद की सभी देखभाल और मेंटेनेंस के लिए वन-स्टॉप शॉप के रूप में भी काम करेंगे। CEO भाविश अग्रवाल ने पिछले साल अगस्त में संभावित खरीदारों के लिए खरीदारी करने से पहले प्रोडक्ट के बारे में जानने के लिए नए फिजिकल टचप्वाइंट खोलने के बारे में ट्वीट किया था। इस बीच, कंपनी ने पिछले हफ्ते अपने S1 पोर्टफोलियो में नए मॉडल लॉन्च किए और अपने पोर्टफोलियो को 6 मॉडल तक बढ़ाया। नए मॉडलों की डिलीवरी मार्च 2023 में शुरू होने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।