PayPal में अहम पदों पर बदलाव, कंपनी के CTO और CFO ने दिया इस्तीफा

PayPal के CEO एलेक्स क्रिस ने एंप्लॉयीज को ईमेल भेजकर उन्हें कंपनी के मैनेजमेंट में बदलाव के बारे में जानकारी दी है। क्रिस ने बताया है कि कंपनी के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर श्री शिवानंद इस साल के अंत तक कंपनी छोड़ देंगे। शिवानंद के अलावा, कंपनी की कार्यवाहक चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर गैब्रिएला रैबिनोविच भी कंपनी को अलविदा कहने वाली हैं

अपडेटेड Nov 02, 2023 पर 3:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कंपनी की एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर आर्ची डेस्कस को PayPal के CTO की जिम्मेदारी मिलेगी।

पेपल (PayPal) के CEO एलेक्स क्रिस (Alex Chriss) ने एंप्लॉयीज को ईमेल भेजकर उन्हें कंपनी के मैनेजमेंट में बदलाव के बारे में जानकारी दी है। क्रिस ने बताया है कि कंपनी के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (EVP) और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) श्री शिवानंद इस साल के अंत तक कंपनी छोड़ देंगे। शिवानंद पिछले 8 साल से PayPal के साथ हैं। उन्होंने 2015 में वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर कंपनी ज्वाइन किया था। PayPal ज्वाइन करने से पहले उन्होंने 13 साल से भी ज्यादा तक ईबे (eBay) में काम किया था।

कंपनी की मौजूदा एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर (CIO) आर्ची डेस्कस (Archie Deskus) को PayPal के नए चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) की जिम्मेदारी मिलेगी। क्रिस की तरफ से एंप्लॉयीज को भेजी गई ईमेल में कहा गया है, 'श्री शिवानंद फिलहाल आर्ची के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि आर्ची आसानी से नए CTO की जिम्मेदारी संभाल सकें। शिवानंद इस साल के अंत तक कंपनी को अलविदा कहेंगे।'

इस बारे में PayPal को भेजी गई ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला। नैस्डैक (Nasdaq) में लिस्टेड इस कंपनी में एक और अहम बदलाव की खबर है। CTO शिवानंद के अलावा, कंपनी की कार्यवाहक चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) गैब्रिएला रैबिनोविच भी कंपनी को अलविदा कहने वाली हैं। गैब्रिएला को इस साल जनवरी में कंपनी का कार्यवाहक CFO बनाया गया था। कंपनी ने अब जेमी मिलर (Jamie Miller) को नया CFO बनाया है। मिलर 6 नवंबर को अपना पद संभालेंगे। वह पहले जनरल इलेक्ट्रिक, अर्न्स्ट एंड यंग (EY) और कारगिल (Cargill) के साथ काम कर चुके हैं।


गैब्रिएला ने भी कई साल तक PayPal में काम किया है। उन्हें अप्रैल 2016 में वाइस प्रेसिडेंट के तौर पर कंपनी ज्वाइन किया था और बाद में उन्हें प्रमोशन भी मिला। शिवानंद की तरह गैब्रिएला के अगले कदम के बारे में फिलहाल पता नहीं चल पाया है। एलेक्स क्रिस को इस साल अगस्त में कंपनी का अगला प्रेसिडेंट और CEO बनाया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।