Paytm Payments Bank crisis: FAQ से जुड़े 10 अहम सवालों के जवाब यहां पाएं

रिजर्व बैंक (RBI) ने 16 फरवरी को पेटीएम पेमेंट्स बैंक को लेकर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ) के जवाब जारी किए हैं। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा था कि FAQ में सभी स्टेकहोल्डर्स के सवालों के जवाब देने की कोशिश की जाएगी। हम आपको यहां कुछ सवाल-जवाब पेश कर रह हैं

अपडेटेड Feb 16, 2024 पर 7:02 PM
Story continues below Advertisement
15 मार्च 2024 के बाद आपके पेटीएम पेमेंट्स बैंक खाते में क्रेडिट या डिपॉजिट की अनुमति नहीं होगी।

रिजर्व बैंक (RBI) ने 16 फरवरी को पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payments Bank) को लेकर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ) के जवाब जारी किए हैं। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा था कि FAQ में सभी स्टेकहोल्डर्स के सवालों के जवाब देने की कोशिश की जाएगी। हम आपको यहां कुछ सवाल-जवाब पेश कर रह हैं:

1.मेरा पेटीएम पेमेंट्स बैंक में सेविंग या करेंट खाता है। क्या मैं 15 मार्च 2024 के बाद इस खाते से रकम निकाल सकता हूं? क्या मैं इस बैंक द्वारा जारी किए गए डेबिट कार्ड का इस्तेमाल भी जारी रख सकता हूं?

हां, आप फंड निकाल या ट्रांसफर कर सकते हैं, बशर्ते आपके पास बैलेंस हो। इसी तरह, आप डेबिट कार्ड का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

2. मेरा पेटीएम पेमेंट्स बैंक में सेविंग या करेंट खाता है। क्या मैं 15 मार्च 2024 के बाद इसमें रकम जमा कर सकता हूं?


नहीं, 15 मार्च 2024 के बाद आप पेटीएम पेमेंट्स बैंक के अपने खाते में पैसा जमा नहीं कर पाएंगे। ब्याज, कैशबैक, रिफंड, पार्टनर बैंकों से स्वीप-इन को छोड़कर किसी भी क्रेडिट या डिपॉजिट की अनुमति नहीं होगी।

3. पेटीएम पेमेंट्स बैंक के मेरे खाते में 15 मार्च के बाद रिफंड आने वाला है। क्या यह रिफंड मेरे खाते में जमा हो जाएगा?

हां, 15 मार्च के बाद भी ब्याज, कैशबैक, रिफंड, पार्टनर बैंकों से स्वीप-इन की अनुमति होगी।

4. मेरी सैलरी पेटीएम पेमेंट्स बैंक में आती है। क्या 15 मार्च के बाद भी इस खाते में सैलरी आएगी?

नहीं, 15 मार्च 2024 के बाद आप पेटीएम पेमेंट्स बैंक के अपने खाते में इस तरह का क्रेडिट नहीं ले पाएंगे। लिहाजा, आपको यह सुझाव दिया जाता है कि इसके लिए आप 15 मार्च 2024 से पहले वैकल्पिक इंतजाम कर लें, ताकि आपको किसी तरह की असुविधा न हो।

5. पेटीएम पेमेंट्स बैंक के मेरे खाते में सरकारी सब्सिडी या डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर आता है। क्या यह 15 मार्च 2024 के बाद भी आता रहेगा?

नहीं, 15 मार्च 2024 के बाद आपके पेटीएम पेमेंट्स बैंक खाते में यह रकम नहीं आएगी। कृपया इस मकसद के लिए किसी और बैंक के अपने खाता का इस्तेमाल करें।

6. मेरे बिजली बिल का भुगतान हर महीने ऑटोमैटिक तरीके से इस बैंक खाते से कटता है? क्या यह जारी रहेगा?

जब तक आपके खाते में बैलेंस मौजूद है, तब तक यह रकम कटती रहेगी। हालांकि, 15 मार्च 2024 के बाद आपके पेटीएम पेमेंट्स बैंक खाते में क्रेडिट या डिपॉजिट की अनुमति नहीं होगी। लिहाजा, किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए आपके लिए वैकल्पिक इंतजाम करना बेहतर होगा।

7. मेरे लोन की किस्त ऑटोमैटिक तरीके से पेटीएम पेमेंट्स बैंक के मेरे खाते से कटती है। क्या यह सिलसिला जारी रहेगा?

जब तक आपके खाते में बैलेंस मौजूद है, तब तक यह रकम कटती रहेगी। हालांकि, 15 मार्च 2024 के बाद आपके खाते में क्रेडिट या डिपॉजिट की अनुमति नहीं होगी। लिहाजा, किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए आपके लिए वैकल्पिक इंतजाम करना बेहतर होगा।

8. मेरा पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ वॉलेट है। क्या मैं 15 मार्च 2024 के बाद इस वॉलेट में मौजूद रकम का इस्तेमाल कर सकता हूं?

हां, आप ऐसा कर सकते हैं।

9. मेरा पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ वॉलेट है। क्या मैं 15 मार्च 2024 के बाद इस वॉलेट में टॉप-अप या मनी ट्रांसफर की सुविधा का इस्तेमाल कर सकता हूं?

नहीं, 15 मार्च 2024 के बाद अपने वॉलेट में टॉप-अप या मनी ट्रांसफर नहीं कर पाएंगे।

10. मेरे वॉलेट में मेरा कैशबैक बकाया है। क्या मैं 15 मार्च 2024 के बाद यह कैशबैक हासिल कर सकता हूं?

हां, रिफंड और कैशबैक क्रेडिट होने की अनुमति है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।