SoftBank के विजन फंड को FY23 में रिकॉर्ड 32 अरब डॉलर का नुकसान, जानिए वजह

जापान के सॉफ्टबैंक ग्रुप ने दुनियाभर की कंपनियों में इनवेस्ट किया है। इनमें कई स्टार्टअप्स हैं। इस ग्रुप ने Paytm सहित इंडिया में भी कई कंपनियों में बड़ा इनवेस्ट किया है

अपडेटेड May 11, 2023 पर 4:13 PM
लगातार दूसरे फाइनेंशियल ईयर में सॉफ्टबैंक ग्रुप नुकसान में रहा है। 31 मार्च, 2023 को खत्म फाइनेंशियल ईयर में इस ग्रुप को करीब 7.2 अरब डॉलर का लॉस हुआ।

SoftBank Group के Vision Fund को FY23 में 32 अरब डॉलर का लॉस हुआ है। इसकी वजह दुनियाभर में टेक्नोलॉजी कंपनियों की वैल्यूएशंस में आई गिरावट है। लगातार दूसरे फाइनेंशियल ईयर में सॉफ्टबैंक ग्रुप नुकसान में रहा है। 31 मार्च, 2023 को खत्म फाइनेंशियल ईयर में इस ग्रुप को करीब 7.2 अरब डॉलर का लॉस हुआ। इससे पहले के फाइनेंशियल ईयर में विजन फंड को 2.6 लाख करोड़ येन का नुकसान हुआ था। इससे कंपनी का नेट लॉस करीब 12.6 अरब डॉलर है।

निवेश वाली कंपनियों की वैल्यूएशन घटी

मार्च तिमाही में सॉफ्टबैंक के विजन फंड को करीब 2 अरब डॉलर का लॉस हुआ। 31 दिसंबर, 2022 को सॉफ्टबैंक की लिस्टेड कंपनियों की फेयर वैल्यू 23.8 अरब डॉलर थी। यह मार्च तिमाही के अंत में बढ़कर 24.9 अरब डॉलर हो गई। ग्रुप के पोर्टफोलियो में प्राइवेट पोर्टफोलियो कंपनियों की बड़ी हिस्सेदारी है। इन पर लगातार दबाव बना हुआ है। इसकी वजह यह है कि दिसंबर 2022 के अंत में इनकी वैल्यूएशन 63.5 अरब डॉलर थी, जो मार्च तिमाही के अंत में घटकर 60.5 अरब डॉलर रह गई।


यह भी पढ़ें : SEBI ने FPI को एक्सचेंज ट्रेडेड कमोडिटी डेरिवेटिव में सीधे पार्टिसिपेट करने की इजाजत दी, जानिए इसका मतलब क्या है

सबसे बड़ी तीन लिस्टेड कंपनियों की वैल्यूएशन बढ़ी

जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान सॉफ्टबैंक के पोर्टफोलियो में शामिल तीन सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली। इनमें साऊथ कोरिया की ई-कॉमर्स कंपनी Coupang Inc शामिल है। इसके शेयर में मार्च तिमाही में करीब 25 फीसदी मजबूती देखने को मिली। दूसरी कंपनी Autostore Holdings है, जिसके शेयर की कीमत मार्च तिमाही में 9 फीसदी बढ़ी। तीसरी कंपनी DiDi Global है, जिसके स्टॉक में मार्च तिमाही में 20 फीसदी की तेजी आई।

DiDi Global की वैल्यूएशन में इजाफा

Coupang में सॉफ्टबैंक ने 2 अरब डॉलर इनवेस्ट किया था। मार्च के आखिर में इस इनवेस्टमेंट की वैल्यूएशन 6.8 अरब डॉलर थी। दिसंबर में यह वैल्यूएशन 6.2 अरब डॉलर थी। Autostore Holdings में सॉफ्टबैंक ने 2.8 अरब डॉलर का निवेश किया था। दिसंबर के आखिर में इस निवेश की वैल्यूएशन 2.4 अरब डॉलर हो गई थी। DiDi Global में सॉफ्टबैंक ने 12.1 अरब डॉलर निवेश किया था। यह दिसंबर में 3.1 अरब डॉलर हो गई थी। मार्च के आखिर में थोड़ा बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गई।

इंडिया में भी सॉफ्टबैंक का निवेष

सॉफ्टबैंक ने इंडिया में भी कई स्टार्टअप्स में निवेश किया है। इनमें Paytm सबसे ऊपर है। दिसंबर में पेटीएम में सॉफ्टबैंक के निवेश की वैल्यू 0.5 अरब डॉलर थी। मार्च में यह बढ़कर 0.6 अरब डॉलर हो गई। जनवरी से मार्च के दौरान पेटीएम की वैल्यूएशन 20 फीसदी बढ़ी। जनवरी-मार्च के दौरान PB Fintech में सॉफ्टबैंक के निवेश की वैल्यू 40 फीसदी से ज्यादा बढ़ी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।