Ashley Tyrner ने अपनी कंपनी (FarmboxRx) के लिए सिलिकॉन वैली बैंक (SVB) में अपना अकाउंट खोला था। यह बात दो साल पहले की है। वह वेंचर कैपिटल जुटाने की कोशिश कर रही थीं। उन्हें पता था कि यह बैंक स्टार्टअप की मदद करता है। गुरुवार को Silicon Valley Bank की खराब हालत की खबरें पढ़ने के बाद उन्होंने FarmboxRx का पैसा दो दूसरे बैंकों में ट्रांसफर करने की कोशिश की। लेकिन, ट्रांसफर की यह कोशिश किसी वजह से असफल रही। और शुक्रवार को सिलिकॉन वैली बैंक (SVB) ध्वस्त हो गया। इससे Tyrner के लाखों डॉलर फंस गए, जिससे मेडिकेयर और मेडिकेड से जुड़े लोगों तक खाना पहुंचाने की उनकी कंपनी की सर्विस भी खतरे में पड़ गई।
कंपनियों के लाखों डॉलर फंसे
Tyrner ने कहा कि यह मेरी जिंदगी के सबसे खराब 24 घंटे हैं। मेरे किसी रिप्रजेंटेटिव ने मुझे कॉल बैक नहीं किया। यह सिर्फ Tyrner का दर्द नहीं है। सिलिकॉन वैली बैंक के ध्वस्त होने से स्टार्टअप इकोसिस्टम की बुनियाद हिल गई है। कई कंपनियां (स्टार्टअप्स) अपने एंप्लॉयीज को सैलरी देने के लिए लोन लेने का प्लान बना रही हैं, क्योंकि उनके पैसे SVB में फंस गए हैं। इनवेस्टर्स इमर्जेंसी कॉन्फ्रेंस कॉल में अपने सवालों के जवाब चाहते हैं। सिलिकॉन वैली बैंक की शाखाओं के बाहर लोगों की लाइन लगी हैं।
पहले से ही खस्ती है स्टार्टअप्स की हालत
टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग Twitter पर नजरें गड़ाएं बैठे हैं, जहां SVB से जुड़ी खबरें सबसे पहले पहुंच रही हैं। पहले से ही मुश्किल का सामना कर रही स्टार्टअप्स इंडस्ट्री के लिए यह बड़ा झटका है। इकोनॉमिक स्लोडाउन और बढ़ते इंटरेस्ट रेट्स की वजह से पहले से ही वे बहुत दबाव में थे। कई सालों तक नाममात्र के इंटरेस्ट रेट्स पर फंड जुटाने वाले स्टार्टअप्स के लिए ऊंचे इंटरेस्ट रेट पर लोन लेना मुमकिन नहीं रह गया है।
1983 में हुई थी Silicon Valley Bank की शुरुआत
पैसे की कमी ने स्टार्टअप्स को एंप्लॉयीज की संख्या घटाने, खर्च में कमी करने को मजबूर किया है। इससे उनकी वैल्यूएशन में बड़ी गिरावट आई है। PitchBook के मुताबिक, अमेरिका में पिछले साल स्टार्टअप्स में निवेश 31 फीसदी घटकर 238 अरब डॉलर रह गया। इसके बाद सिलिकॉन वैली बैंक के धराशाई हो जाने के बाद स्टार्टअप्स इंडस्ट्री का आगे का रास्ता मुश्किल दिख रहा है। कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित इस बैंक की शुरुआत 1983 में हुई थी। इसके कुल क्रेडिट में स्टार्टअप्स की बड़ी हिस्सेदारी है।