Shark Tank India : कौन हैं अंकित अग्रवाल, जिन्होंने ठुकरा दिया 5 करोड़ का ऑफर, जानिए कैसे खड़ा किया उन्होंने अपना बिजनेस

अंकित अग्रवाल अपना बिजनेस आइडिया लेकर शार्क टैंक इंडिया के सीजन 2 में पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें कार देखो कंपनी के ग्रुप फाउंडर और जज अमित जैन ने 5 करोड़ रुपये का ऑफर दिया लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। जानिए इस बड़े ऑफर को ठुकराने की क्या है वजह

अपडेटेड Mar 15, 2023 पर 4:25 PM
37 वर्षीय अंकित अग्रवाल कॉलेज के दिनों से ही खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते थे।

Shark Tank India : 37 वर्षीय अंकित अग्रवाल कॉलेज के दिनों से ही खुद का बिजनेस शुरू करना चाहते थे। कॉलेज के दिनों में एक ओर जहां अन्य स्टूडेंट्स नौकरी पाने के लिए भागदौड़ करते थे तो वहीं अंकित का कहना है कि वे उस समय भी अलग-अलगह स्टार्टअप आइडिया के बारे में सोचा करते थे। अंकित ने अपने सपने को पूरा करते हुए Unstop कंपनी की स्थापना की। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो लाखों युवाओं को नौकरी हासिल करने में मदद करता है। दिलचस्प बात यह है कि अंकित ने शार्क टैंक के इतिहास का सबसे बड़ा ऑफर ठुकरा दिया है।

दरअसल, वे अपना बिजनेस आइडिया लेकर शार्क टैंक इंडिया के सीजन 2 में पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें कार देखो कंपनी के ग्रुप फाउंडर और जज अमित जैन ने 5 करोड़ रुपये का ऑफर दिया लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।

क्यों ठुकराया ऑफर


अंकित अग्रवाल अपनी कंपनी के लिए चारों जज यानी अमन गुप्ता, अमित जैन, अनुपम मित्तल और नमिता थापर से फंडिंग चाहते थे। अंकित ने साफ कर दिया था कि फंडिंग तो चाहिए लेकिन सभी जजों से। यही वजह है कि उन्होंने अमित जैन के 5 करोड़ के ऑफर को ठुकरा दिया। हालांकि, अंत में अंकित की कंपनी को 4 फीसदी इक्विटी के बदले 2 करोड़ का ऑफर मिला। अंकित की कंपनी Unstop की बात करें तो इसके 50 लाख यूजर्स हैं। कंपनी ने 2021-22 में 16 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। वहीं, 2022-23 में कंपनी का लक्ष्य 30- 35 करोड़ रुपये का बिजनेस करने का है।

कैसे आया आइडिया?

अंकित ने आईएमटी गाजियाबाद से एमबीए किया है। पढ़ाई के दौरान वे अलग-अलग इंस्टीट्यूशन, यूनिवर्सिटी और बिजनेस द्वारा आयोजित प्रोग्राम में हिस्सा लेना चाहते थे। लेकिन इन इवेंट्स के बारे में समय पर जानकारी नहीं मिलने के चलते वे इससे चूक जाते थे। इसके बाद उन्होंने साल 2010 में एक ब्लॉग लिखना शुरू किया। इस ब्लॉग में वे इन इवेंट्स से जुड़ी जानकारियां पोस्ट करते थे। यहीं से उन्हें अनस्टॉप प्लेटफॉर्म का आइडिया आया।

अंकित ने अपने ब्लॉग पर काम करना जारी रखते हुए स्कॉलरशिप प्रोग्राम को आगे बढ़ाने के लिए हार्वर्ड बिजनेस स्कूल में दाखिला लिया। उन्होंने वहां भी यही पैटर्न देखा। वहां भी स्टूडेंट्स ऐसे इवेंट्स की तलाश में थे जिनमें शामिल होकर उन्हें करियर के नज़रिए से कुछ मदद मिल सके। इस तरह उन्होंने इस काम को बड़े स्तर पर ले जाने का फैसला किया।

45.3 करोड़ रुपये है नेट वर्थ

बाद में अंकित को उनके काम में रिलायंस और आदित्य बिड़ला ग्रुप का भी सपोर्ट मिला। 2019 में अंकित ने कुछ पाबंदियों के साथ कंपनी की शुरुआत की थी। कंपनी ने कुछ स्कूलों के साथ कोलैबोरेट करना शुरू किया और इस तरह उनका बिजनेस आगे बढ़ा। आज अनस्टॉप के 50 लाख यूजर हैं। प्लेटफॉर्म पर 10,000 कॉलेज और 1,000 से अधिक कंपनियां लिस्टेड हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंकित की कुल संपत्ति 45.3 करोड़ रुपये से ज्यादा है। अनस्टॉप के फाउंडर और CEO होने के अलावा, वे TEDx स्पीकर भी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।