Invesco ने Swiggy के वैल्यूएशन में फिर की कटौती, अब 5.5 अरब डॉलर की हुई कंपनी

Swiggy दूसरी ऐसी Decacorn कंपनी है जिसके वैल्यूएशन में लगभग 50 फीसदी तक की कटौती की गई है। इसके पहले BlackRock ने भारत के सबसे अधिक वैल्यूएशन वाले एडटेक Decacorn स्टार्टअप BYJU’S की वैल्यूएशन को 22 अरब डॉलर से लगभग 50 फीसदी तक कम करते हुए 11.5 अरब डॉलर कर दिया था

अपडेटेड May 08, 2023 पर 9:11 PM
Invesco ने एक बार फिर फूड से लेकर ग्रॉसरी डिलीवर करने वाली कंपनी स्विगी (Swiggy) का वैल्यूएशन घटा दिया है।

अमेरिकी एसेट मैनेजमेंट कंपनी Invesco ने एक बार फिर फूड से लेकर ग्रॉसरी डिलीवर करने वाली कंपनी स्विगी (Swiggy) का वैल्यूएशन घटा दिया है। Invesco ने स्विगी के वैल्यूएशन को घटाकर 5.5 अरब डॉलर कर दिया है। Invesco ने पहली बार स्विगी में पिछले साल जनवरी में इनवेस्को इमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी ट्रस्ट के माध्यम से निवेश किया था। स्विगी ने उस फंडिंग राउंड में 70 करोड़ डॉलर जुटाए थे और इनवेस्कों उस राउंड में सबसे बड़ी निवेशक थी।

48.6 फीसदी कम हुई वैल्यूएशन

यह नया वैल्यूएशन 8 अरब डॉलर से लगभग 31.2 फीसदी कम है। बता दें कि कुछ महीने पहले इनवेस्को ने इस स्टार्टअप के वैल्यूएशन को घटाकर 8 अरब डॉलर किया था। पिछले साल जनवरी में जब इनवेस्को ने स्विगी में 70 करोड़ डॉलर का निवेश किया था, तब 10.7 अरब डॉलर की वैल्यूएशन आंकी गई थी। इस तरह कुल मिलाकर, स्विगी का वैल्यूएशन पिछले साल जनवरी से 48.6 प्रतिशत कम हो गया है।


इन कंपनियों के वैल्यूएशन में भी हुई कटौती

स्विगी के वैल्यूएशन को आंतरिक रूप से कम करने का इनवेस्को का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कई निवेशक दुनिया भर में टेक्नोलॉजी कंपनियों के वैल्यूएशन का पुनर्मूल्यांकन कर रहे हैं। स्विगी दूसरी ऐसी Decacorn कंपनी है जिसके वैल्यूएशन में लगभग 50 फीसदी तक की कटौती की गई है। इसके पहले BlackRock ने भारत के सबसे अधिक वैल्यूएशन वाले एडटेक Decacorn स्टार्टअप BYJU’S की वैल्यूएशन को 22 अरब डॉलर से लगभग 50 फीसदी तक कम करते हुए 11.5 अरब डॉलर कर दिया था।

स्विगी ने जनवरी में की थी छंटनी

इसके अलावा सितंबर 2022 में सॉफ्टबैंक ने कथित तौर पर Oyo के वैल्यूएशन को 10 अरब डॉलर से घटाकर 2.7 अरब डॉलर कर दिया। वैल्यूएशन में कटौती ऐसे समय में हुई है जब भारतीय स्टार्टअप्स में फंडिंग में सालाना आधार पर 20 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। इसके चलते स्विगी समेत कई कंपनियों ने छंटनी की है। स्विगी ने इस साल जनवरी में 380 कर्मचारियों की छंटनी की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।