TCS को BSNL से मिला 15000 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर, देश भर में 4G नेटवर्क लॉन्च करने का है प्लान

टीसीएस ने सोमवार को बयान में कहा कि उसे BSNL से 15000 करोड़ रुपये का ‘एडवांस परचेज ऑर्डर’ (APO) मिला है। इस घोषणा के साथ ही कई महीनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। टीसीएस शुरुआत से इस सौदे की दौड़ में आगे थी। यह डील टीसीएस के राजस्व बढ़ोतरी में मददगार साबित होगी

अपडेटेड May 22, 2023 पर 9:00 PM
Story continues below Advertisement
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को भारत संचार निगम लिमिटेड यानी BSNL से 15000 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है।

देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को भारत संचार निगम लिमिटेड यानी BSNL से 15000 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला है। BSNL देश में 4G लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिसके लिए कंपनी ने टीसीएस की अगुवाई वाले कंसोर्टियम को यह ऑर्डर दिया है। यह सौदा ऐसे समय में भारत के सबसे बड़े सॉफ्टवेयर निर्यातक के लिए मददगार साबित होगा, जब अमेरिका और यूरोप जैसे इसके प्रमुख बाजार मंदी के दौर से गुजर रहे हैं। टीसीएस ने सोमवार को बयान में कहा कि उसे BSNL से 15000 करोड़ रुपये का ‘एडवांस परचेज ऑर्डर’ (APO) मिला है।

कंसोर्टियम में हैं ये कंपनियां

इस घोषणा के साथ ही कई महीनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। टीसीएस शुरुआत से इस सौदे की दौड़ में आगे थी। यह डील टीसीएस के राजस्व बढ़ोतरी में मददगार साबित होगी। हालांकि, अन्य प्लेयर्स के शामिल होने से मार्जिन कम भी हो सकता है।


इस कंसोर्टियम में टाटा ग्रुप की टेलीकॉम गियर बनाने वाली कंपनी तेजस नेटवर्क भी शामिल है। यह रेडियो एक्सेस नेटवर्क (RAN) इक्विपमेंट की सप्लाई और सर्विसिंग का काम करेगी। टीसीएस के साथ-साथ इस प्रोजेक्ट के लिए ITI लिमिटेड को भी APO जारी किया गया था। एनालिस्ट्स के मुताबिक काम और डील वैल्यू का करीब 20 फीसदी हिस्सा ITI को जाएगा।

देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी है टीसीएस

टीसीएस देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यातक है। कंपनी की कुल आमदनी में घरेलू बाजार की हिस्सेदारी पांच फीसदी से अधिक है। BSNL मुंबई और नयी दिल्ली को छोड़कर देशभर में फिक्स्ड लाइन और मोबाइल सेवाएं उपलब्ध कराती है। निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनियां पहले से 4जी सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं और कुछेक ने चुनिंदा क्षेत्रों में 5जी पेशकश भी शुरू कर दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।