देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO राजेश गोपीनाथन ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने आज 16 मार्च को एक बयान में यह जानकारी दी। उनकी जगह पर अब नए CEO के कृतिवासन होंगे। के कृतिवासन को आज यानी 16 मार्च से टीसीएस का नया सीईओ नियुक्त किया गया है। कृतिवासन वर्तमान में कंपनी के प्रेसिडेंट और बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज व इंश्योरेंस (BFSI) बिजनेस ग्रुप के ग्लोबल हेड हैं। वे काफी अनुभवी हैं और उन्हें कंपनी में काम करते हुए 34 साल से अधिक समय हो चुका है।
राजेश गोपीनाथन सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले CEO
बता दें कि राजेश गोपीनाथन देश के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले CEO हैं। राजेश गोपीनाथन टीसीएस से साल 2001 से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO के रूप में 6 साल बिताए हैं। वह सितंबर तक कंपनी के साथ बने रहेंगे। टीसीएस ने एक बयान में कहा, "श्री गोपीनाथन अपने उत्तराधिकारी को सपोर्ट करने के लिए सितंबर 2023 तक कंपनी के साथ बने रहेंगे।" उन्होंने भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) अहमदाबाद से मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है।
गोपीनाथन ने इस्तीफे पर क्या कहा?
गोपीनाथन ने एक बयान में कहा, "मैंने टीसीएस में अपने 22 साल के रोमांचक कार्यकाल का पूरी तरह से आनंद लिया है। चंद्रा के साथ मिलकर काम करना खुशी की बात है, जिन्होंने इस पूरी अवधि के दौरान मुझे सलाह दी है। इस प्रतिष्ठित संगठन का नेतृत्व करने के पिछले छह साल सबसे अधिक समृद्ध और पूर्ण रहे हैं।" गोपीनाथन ने आगे बताया कि उनके कार्यकाल में इंक्रीमेंटल रेवेन्यू में 10 बिलियन डॉलर और मार्केट कैप में 70 बिलियन डॉलर से अधिक की वृद्धि हुई है।
उन्होंने आगे कहा, "पिछले दो दशकों में कृतिवासन के साथ काम करने के बाद मुझे भरोसा है कि वे टीम का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। वे टीसीएस को और अधिक ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मैं कृतिवासन के साथ मिलकर काम करूंगा ताकि उन्हें वह सभी सहायता मिल सके, जिसकी उन्हें जरूरत है।"