Get App

भारत दौरे पर पहुंचे Temasek बोर्ड के सभी सदस्य, 3 साल में 10 अरब डॉलर निवेश कर सकती है इनवेस्टमेंट कंपनी

ग्लोबल इनवेस्टमेंट कंपनी टेमासेक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के 11 सदस्य भारत दौरे पर हैं। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि सिंगापुर की इनवेस्टमेंट कंपनी अगले तीन साल में भारत में 10 अरब डॉलर का निवेश कर सकती है। इस फर्म ने पिछले 19 साल के दौरान भारत में 1-1.5 अरब डॉलर सालाना निवेश किया है और अब उसका इरादा इसमें तीन गुना बढ़ोतरी करने का है

MoneyControl Newsअपडेटेड Dec 06, 2023 पर 9:08 PM
भारत दौरे पर पहुंचे Temasek बोर्ड के सभी सदस्य, 3 साल में 10 अरब डॉलर निवेश कर सकती है इनवेस्टमेंट कंपनी
टेमासेक के प्रतिनिधियों का यह दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है, जब घरेलू शेयर बाजार रिकॉर्ड हाई पर पहुंच चुका है।

ग्लोबल इनवेस्टमेंट कंपनी टेमासेक (Temasek) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के 11 सदस्य भारत दौरे पर हैं। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने मनीकंट्रोल (Moneycontrol) को बताया कि सिंगापुर की इनवेस्टमेंट कंपनी अगले तीन साल में भारत में 10 अरब डॉलर का निवेश कर सकती है। इस फर्म ने पिछले 19 साल के दौरान भारत में 1-1.5 अरब डॉलर सालाना निवेश किया है और अब उसका इरादा इसमें तीन गुना बढ़ोतरी करने का है।

टेमासेक के टॉप प्रतिनिधियों का यह दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है, जब घरेलू शेयर बाजार रिकॉर्ड हाई पर पहुंच चुका है और विधानसभा चुनावों के नतीजे पॉलिसी में स्थिरता के संकेत दे रहे हैं। साथ ही, मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के मजबूत जीडीपी आंकड़े भारत को सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था के तौर पर स्थापित करने में मदद कर रहे हैं।

एक सूत्र ने बताया, 'टेमासेक का पूरा बोर्ड 4 दिनों के भारत दौरे पर है और बोर्ड के सदस्य इस हफ्ते दिल्ली और मुंबई में समय गुजारेंगे। इस दौरान बोर्ड के सदस्य उद्योगपतियों, कंपनियों और सरकार के सीनियर अधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे।' लिम बून हेन्ग (Lim Boon Heng) अगस्त 2013 से टेमासेक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चेयरमैन हैं, जबकि दिलहन पिल्ले संद्रासेगरा (Dilhan Pillay Sandrasegara) कंपनी के CEO हैं। संद्रासेगरा ने अक्टूबर 2021 में कंपनी के CEO पद की जिम्मेदारी संभाली थी। रवि लांबा ने टेमासेक के इंडिया हेड हैं, जिन्होंने अप्रैल 2012 में कंपनी ज्वाइन किया था।

एक और सूत्र ने बताया, 'टेमासेक ने हाल में कुछ बड़ी डील की है। भारत उसके लिए अहम है, लिहाजा कंपनी के डायरेक्टर्स का यहां आना लाजिमी है। पोर्टफोलियो कंपनियों के साथ इन लोगों की बैठक होगी, जिसमें कंपनियां प्रेजेंटेशन देंगी।' टेमासेक ने इस साल अप्रैल में भारतीय हेल्थकेयर सेक्टर में सबसे बड़ी प्राइवेट इक्विटी डील की थी। इसके तहत, इनवेस्टमेंट कंपनी ने रंजन पाई की अगुवाई वाली कंपनी मणिपाल हॉस्पिटल्स (Manipal Hospitals) में कंट्रोलिंग स्टेक खरीदा था। बहरहाल, इस बारे में संपर्क किए जाने पर टेमासेक के प्रवक्ता ने कुछ भी कहने से मना कर दिया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें