Twitter ने एक बड़ा फैसला लिया है। वह अनवेरिफायड अकाउंट के यूजर्स के डायरेक्ट मैसेज (DM) भेजने की लिमिट तय करेगी। इसे ट्विटर के अपनी कमाई बढ़ाने के उपाय के रूप में देखा जा रहा है। इस फैसले के जरिए यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अपनी सब्सक्रिप्शन सर्विस Twitter Blue के साइनअप को बढ़ाना चाहती है। Twitter Blue के लिए यूजर्स को हर महीने पैसे चुकाने पड़ते हैं। कंपनी ने 22 जुलाई को इस फैसले का ऐलान किया है। हालांकि, उसने कहा है कि इसका मकसद डायरेक्ट मैसेज में स्पैम में कमी लाना है।
लिमिट कितनी होगी यह नहीं बताया
Twitter ने अभी यह नहीं बताया है कि अनवेरिफायड अकाउंट यूजर्स के लिए रोजाना डीएम की लिमिट कितनी होगी। उसने कहा है कि जो यूजर्स ज्यादा मैसेज भेजना चाहते हैं वे ट्विटर ब्लू को सब्सक्राइब कर सकते हैं। अनवेरिफायड अकाउंट का मतलब ऐसे अकाउंट से जिन्होंने Twitter Blue के लिए साइनअप नहीं किया है। इससे पहले ट्विटर ने एक डायरेक्ट मैसेज सेटिंग पेश किया था। इसमें अगर कोई वेरिफायड यूजर किसी ऐसे यूजर को मैसेज भेजता है जिसे वह फॉलो नहीं करता है तो वह मैसेज एक सेकेंडरी 'मैसेज रिक्वेस्ट इनबॉक्स' में चला जाएगा।
मैसेज भेजने के सेटिंग्स में बदलाव
जिन यूजर्स ने पहले हर यूजर्स से डायरेक्ट मैसेज रिसीव करने को ऑप्ट किया था, उन्हें नए सेटिंग्स के तहत लाया गया था। इसका मतलब है कि जो लोग ट्विटर ब्लू के लिए पैसे नहीं चुकाते हैं वे उन लोगों को मैसेज नहीं भेज सकते, जो उन्हें फॉलो नहीं करते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में इस फीचर को टेस्ट करना जून 2023 में शुरू किया था। ट्विटर ने यह कहा है कि यूजर्स मैनुअल फिर से हर यूजर को डायरेक्ट मैसेज भेजने की इजाजत देने वाले सेटिंग्स में जा सकते हैं।
स्पैम मैसेज में कमी आने का दावा
Twitter ने 22 जुलाई को बताया कि इस नए उपाय से पिछले हफ्ते के मुकाबले डायरेक्ट मैसेज में स्पैम में 70 फीसदी कमी आई है। ट्विटर के मालिक एलॉन मस्क ने हाल में यूजर्स के रोजाना पढ़े जाने वाले ट्वीट की संख्या की अस्थायी लिमिट तय कर दी थी। इससे उन लोगों के लिए दिक्कत काफी बढ़ गई थी, जिन्होंने ट्विटर ब्लू सर्विस सब्सक्राइब नहीं की है। कंपनी इंटरनेट पर तब तक यूजर्स को ट्वीट या कमेंट्स एक्सेस करने की इजाजत नहीं दे रही थी जब तक वे अपने अकाउंट में लॉग-इन नहीं करते। हालांकि, कंपनी ने 5 जुलाई को फिर से पहले जैसी सुविधा देनी शुरू कर दी थी।