US Fed Rate Hike: अमेरिका के केंद्रीय बैंक, फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) ने बुधवार 22 मार्च को प्रमुख ब्याज दरों में एक बार फिर 0.25% की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इसके साथ ही केंद्रीय बैंक ने साफ कर दिया कि उसका मुख्य फोकस अभी भी महंगाई को रोकना है। फेडरल रिजर्व ने यह भी संकेत दिया है कि वह इस साल के अंत तक एक और बार ब्याज दर बढ़ा सकता है। फेडरल रिजर्व बैंक ने ये ब्याज दरें ऐसे समय में बढ़ाई है, जब सिलिकॉन वैली बैंक के डूबने के बाद बैंकिंग सेक्टर में तनाव की स्थिति देखा जा रहा है।
फेडरल रिजर्व ने इस बैंकिंग संकट पर सतर्क रुख दिखाया और संकेत दिया कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी अपने शिखर के करीब है। यानी बढ़ोतरी जल्द ही खत्म हो सकती है।
फेड ने एक बयान में कहा, "अमेरिकी बैंकिंग प्रणाली मजबूत और लचीला है। हालिया घटनाओं के चलते लोगों और कंपनियों के लिए लोन पाना थोड़ा कठिन हो सकता है। साथ ही इसका आर्थिक गतिविधियों, हायरिंग और महंगाई पर भी असर पड़ने की संभावना है। इन प्रभावों की सीमा अनिश्चित है। समिति महंगाई से जुड़े जोखिमों के प्रति अधिक सतर्कता रखती है।"
ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बाद वॉल स्ट्रीट में तेजी
अमेरिकी फेड का ऐलान मोटे तौर पर बाजार के अनुमानों के मुताबिक रहा है। अधिकतर एनालिस्ट्स ने ब्याज दरों में 0.25% की बढ़ोतरी का अनुमान जताया था। फेडरल रिजर्व के ऐलान के बाद S&P-500 इंडेक्स 0.26% चढ़ गया। हालांकि इस दौरान डॉलर इंडेक्स 0.465% गिरकर 102.680 पर आ गया।