अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से बातचीत की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म द ट्रूथ सोशल पर लिखा कि इस बातचीत में व्यापार, रूस-यूक्रेन युद्ध और ऊर्जा खरीद जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ घटाकर 18% करने का भी ऐलान किया है।
रूसी तेल खरीद रोकने पर सहमति का दावा
ट्रंप के मुताबिक, बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रूस से तेल खरीद बंद करने और अमेरिका से कहीं ज्यादा ऊर्जा खरीदने पर सहमति जताई है। ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत संभावित रूप से वेनेजुएला से भी तेल खरीद सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक, यह कदम यूक्रेन में जारी युद्ध को खत्म करने में मदद करेगा, जहां हर हफ्ते हजारों लोगों की जान जा रही है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पीएम मोदी से बातचीत उनके लिए सम्मान की बात रही। उन्होंने पीएम मोदी को उन्होंने भारत का शक्तिशाली और सम्मानित नेता बताया।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सहमति का दावा
पोस्ट में ट्रंप ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध पर भारत और अमेरिका के बीच एक ट्रेड डील पर सहमति बनी है। इसके तहत अमेरिका भारत पर लगने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। वहीं भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर्स को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
500 अरब डॉलर से ज्यादा की अमेरिकी खरीद का दावा
ट्रंप ने दावा किया कि भारत ने 'Buy American' नीति के तहत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से ज्यादा की खरीदारी का भरोसा दिया है। इसमें ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि उत्पाद, कोयला और अन्य कई सेक्टर्स शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इससे भारत-अमेरिका रिश्ते और मजबूत होंगे।
ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और वह दोनों ऐसे नेता हैं जो काम करके दिखाते हैं। उन्होंने इसे भारत-अमेरिका रिश्तों के लिए एक नए और मजबूत दौर की शुरुआत बताया।