Vanguard ने Ola की वैल्यूएशन में तीसरी बार की कटौती, 4.8 अरब डॉलर की हुई कंपनी

यह तीसरी बार है जब Vanguard Group ने ओला के वैल्यूएशन में कटौती की है। वैनगार्ड ग्रुप ने इसके पहले 2020 की पहली छमाही में ओला में अपनी इन्वेस्टमेंट की वैल्यू में 45 फीसदी और 2021 में 9.5 फीसदी की कटौती की थी। पिछले कुछ समय में भारत की कई स्टार्टअप कंपनियों के वैल्यूएशन में कटौती की गई है

अपडेटेड May 10, 2023 पर 10:01 PM
अमेरिका की इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट फर्म वैनगार्ड ग्रुप (Vanguard Group) ने ANI टेक्नोलॉजीज के वैल्यूएशन में लगभग 35 फीसदी की कटौती की है।

अमेरिका की इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट फर्म वैनगार्ड ग्रुप (Vanguard Group) ने ANI टेक्नोलॉजीज के वैल्यूएशन में लगभग 35 फीसदी की कटौती की है। ANI टेक्नोलॉजीज ऑनलाइन कैब बुकिंग प्लेटफॉर्म Ola की पेरेंट कंपनी है। वैनगार्ड ग्रुप ने Ola के वैल्यूएशन को 7.4 अरब डॉलर से घटाकर 4.8 अरब डॉलर कर दिया है। वैल्यूएशन में कटौती ऐसे समय पर हुई है जब भारतीय स्टार्टअप कंपनियां फंडिंग की कमी से जूझ रही हैं। अप्रैल 2023 में तो भारतीय स्टार्टअप को बीते 9 साल में सबसे कम फंडिंग मिली है।

वैनगार्ड के पास कंपनी की 0.7 फीसदी हिस्सेदारी

आंकड़ों के मुताबिक वैनगार्ड के पास ANI टेक्नोलॉजीज के 166,185 शेयर हैं, जो कि लगभग 0.7 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। वैनगार्ड ने 28 फरवरी तक अपनी हिस्सेदारी का मूल्य 33,865,000 डॉलर आंका है, जो पिछले साल अगस्त के 51,825,000 डॉलर से कम है। इसका मतलब है कि यूएस-बेस्ड इन्वेस्टर के मुताबिक ओला की फेयर वैल्यू लगभग 4.8 अरब डॉलर है। VCCircle ने सबसे पहले यह जानकारी दी है।


तीसरी बार की कटौती

यह तीसरी बार है जब वैनगार्ड ग्रुप ने ओला के वैल्यूएशन में कटौती की है। वैनगार्ड ग्रुप ने इसके पहले 2020 की पहली छमाही में ओला में अपनी इन्वेस्टमेंट की वैल्यू में 45 फीसदी और 2021 में 9.5 फीसदी की कटौती की थी।

आईपीओ लाने की है योजना

इस बार ओला के वैल्यूएशन में ऐसे समय में कटौती की गई है, जब कंपनी अगले साल की शुरुआत में भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होने की योजना बना रही है। आईपीओ की योजना को लेकर कंपनी के फाउंडर भाविश अग्रवाल ने कहा है कि अगले साल की शुरुआत में एक आईपीओ लाने पर विचार किया जा रहा है। अग्रवाल ने मनीकंट्रोल को बताया है कि कंपनी अगले साल अपने राइड-शेयरिंग बिजनेस को लिस्ट कराने की योजना बना रही है।

इन कंपनियों के वैल्यूएशन में भी हुई कटौती

पिछले कुछ समय में भारत की कई स्टार्टअप कंपनियों के वैल्यूएशन में कटौती की गई है। अमेरिकी एसेट मैनेजमेंट कंपनी Invesco ने हाल ही में Swiggy के वैल्यूएशन में 4 महीने में दूसरी बार कटौती की है। स्विगी के वैल्यूएशन को घटाकर 5.5 अरब डॉलर कर दिया गया है।

इससे पहले दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी ब्लैकरॉक ने बायजू के वैल्यूएशन को आंतरिक रूप से 50 फीसदी घटा दिया। पिछले साल सितंबर में सॉफ्टबैंक ने कथित तौर पर ओयो का वैल्यूएशन 10 अरब डॉलर से घटाकर 2.7 अरब डॉलर कर दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।