WeWork के पूर्व-CEO ने की नए स्टार्टअप के साथ वापसी, बिना बिजनेस शुरू किए ही कंपनी को बना दिया यूनिकॉर्न

वीवर्क (WeWork) से साल 2019 में अलग हो चुके एडम न्यूमैन (Adam Neumann) ने अब अपना एक नया रियल एस्टेट स्टार्टअप 'फ्लो (Flow)' शुरू किया है

अपडेटेड Aug 16, 2022 पर 7:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एडम न्यूमैन के स्टार्टअप को 35 करोड़ डॉलर की भारी फंडिंग मिल चुकी है

वीवर्क (WeWork) के को-फाउंडर और पूर्व सीईओ एडम न्यूमैन (Adam Neumann) एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। साल 2019 में वीवर्क से अलग हो चुके एडम न्यूमैन ने अब अपना एक नया रियल एस्टेट स्टार्टअप 'फ्लो (Flow)' शुरू किया है। खास बात यह है कि इस स्टार्टअप ने अभी अपना कारोबार शुरू भी नहीं किया है और उससे पहले ही 35 करोड़ डॉलर की भारी फंडिंग मिल चुकी है।

एडम न्यूमैन ने अपने स्टार्टअप के लिए यह फंडिंग अमेरिकी वेंचर फर्म एंड्रीसेन होरोविट्ज (Andreessen Horowitz) से हासिल की है। इस फंडिंग के साथ फ्लो बिना अपना कारोबार शुरू किए अब एक यूनिकॉर्न कंपनी बन गई है। बता दें कि यूनिकॉर्न उन कंपनियों को कहा जाता है, जिनकी वैल्यूएशन 1 अरब डॉलर से अधिक हो जाती है।

Adam Neumann को जब वीवर्क से निकाला गया था, तब उस कंपनी की मार्केट वैल्यूएशन भी करीब 47 अरब डॉलर थी। हालांकि इसके बाद एडम न्यूमैन अपनी कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट करा पाने में नाकाम रहे थे, जिसके बाद निवेशकों से विवाद के चलते उन्हें कंपनी छोड़ी पड़ी थी। न्यूमैन ने साल 2010 में मिगल मैककेल्वी के साथ मिलकर वीवर्क को शुरू किया था।


यह भी पढ़ें- HAL के शेयर 1 साल में 110% भागे, अभी भी इस पर एनालिस्ट का नजरिया है बुलिश, जानिए क्या है वजह

Adam Neumann के नए स्टार्टअप में निवेश करने वाली वेंचर कैपिटल फर्म Andreessen Horowitz को साल 2009 में मार्क एंड्रीसीन और बेन होरोविट्ज ने मिलकर सिलिकॉन वैली से शुरू किया था। इस वेंचर कैपिटल फर्म को एयरबीएनबी (Airbnb), फेसबुक (Facebook), लिफ्ट (Lyft) जैसी कुछ बड़ी नए जमाने की टेक कंपनियों में निवेश के लिए जाना जाता है।

इससे पहले मार्कट एंड्रीसीन ने पिछसे सोमवार को लिखे एक ब्लॉगपोस्ट में दावा किया अमेरिका में हाउसिंग संकट पैदा होता दिख रहा है और एडम न्यूमैन एक दूरदर्शी व्यक्ति हैं, जो इस संकट को पाटने की दिशा में काम करेंगे। इस बीच 'फ्लो' की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक कंपनी साल 2023 से अपना कामकाज शुरू करेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।