प्राइवेट सेक्टर लेंडर Yes Bank ने स्पंदना स्फूर्ति (Spandana Sphoorthy) के अधिग्रहण से जुड़ी खबरों का खंडन किया है। बैंक ने आज 1 अगस्त को कहा कि वह स्पंदना स्फूर्ति का अधिग्रहण नहीं करना चाहता है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया था कि बैंक इस बात का मूल्यांकन कर रहा है कि माइक्रोफाइनेंस इंस्टीट्यूशनल का अधिग्रहण किया जाए या नहीं। बैंक ने एक बयान में कहा, "हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि अधिग्रहण से जुड़ी रिपोर्ट और न्यूज आर्टिकल पूरी तरह से मीडिया/मार्केट की अटकलों पर आधारित हैं।"
बैंक ने आगे कहा कि वह ऑर्गेनिक और इन-ऑर्गेनिक तरीकों से खास तौर पर प्रायोरिटी सेक्टर के लिए इस क्षेत्र में अपना बेस बढ़ाने की योजना बना रहा है। बैंक ने कहा,"इस दिशा में और अपने बिजनेस के सामान्य कोर्स में बैंक टाई-अप और पार्टनरशिप के अवसरों, ज्वाइंट वेंचर, स्ट्रेटेजिक इन्वेस्टेमेंट, पोर्टफोलियो बाय-आउट, मर्जर और अधिग्रहण के अवसरों सहित कई विकल्पों की तलाश जारी है।"
एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में यस बैंक के CEO ने कही थी यह बात
15 जून को इसी तरह की मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि स्पंदना स्फूर्ति का यस बैंक द्वारा अधिग्रहण किए जाने की संभावना है। माइक्रो-फाइनेंस इंस्टीट्यूशन (MFI) ने एक बयान में ऐसे किसी भी खबर से इनकार किया और रिपोर्ट को गलत और अटकलबाजी करार दिया। इससे पहले मनीकंट्रोल के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में यस बैंक के एमडी और सीईओ प्रशांत कुमार ने कहा था कि बैंक की MFI खरीदने की योजना है। कुमार ने कहा, "निश्चित रूप से हम PSL (प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग) में कमी पर अपने इश्यू को एड्रेस करने के लिए MFI के अधिग्रहण की संभावना तलाश रहे हैं।"