Yes Bank : प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक को वित्त वर्ष 2024-25 में 5000 करोड़ रुपये के रिकवरी टारगेट (Recovery Target) से आगे निकलने की उम्मीद है। बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) प्रशांत कुमार ने 27 जनवरी को नतीजों के बाद कॉन्फ्रेंस कॉल में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, "हमने वित्त वर्ष 2024-25 में 5000 करोड़ रुपये की रिकवरी का लक्ष्य रखा है। अब तक हमने 3800 करोड़ रुपये की रिकवरी की है, अगले Q4FY24 में 15,00 करोड़ रुपये की वसूली की उम्मीद है।"
Yes Bank : कैसे रहे तिमाही नतीजे
दिसंबर तिमाही में Yes Bank ने 231.6 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। कंपनी का मुनाफा एक साल पहले 51.5 करोड़ रुपये रहा। इस लिहाज से कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 349.7 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। हालांकि 231.6 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट बाजार के अनुमान से कमजोर रहा है। बाजार को तीसरी तिमाही में यस बैंक का मुनाफा लगभग 415.1 करोड़ रुपये रहने का अनुमान था।
यस बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम या मुख्य आय पिछले वर्ष से केवल 2.3 फीसदी बढ़कर 2,016.8 करोड़ रुपये हो गई। जबकि पिछले साल की तीसरी तिमाही में शुद्ध ब्याज आय 1,970.6 करोड़ रुपये रही थी।
बैंक का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) 2.0 प्रतिशत रहा। इसमें पिछले वर्ष के 2.0 प्रतिशत से कोई बदलाव नहीं हुआ। दूसरी ओर, तिमाही के लिए नेट NPA पिछले साल के 1.0 प्रतिशत की तुलना में 0.9 प्रतिशत रहा। यस बैंक का ग्रॉस NPA सितंबर तिमाही में ₹4,319 करोड़ से थोड़ा बढ़कर ₹4,457 करोड़ हो गया। जबकि शुद्ध NPA तिमाही आधार पर 1,885 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,934 करोड़ रुपये हो गया।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
पिछले एक महीने में Yes Bank के शेयरों में करीब 20 फीसदी की तेजी आई है। वहीं, पिछले 6 महीने में इसने 47 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले एक साल में इसके निवेशकों को 45 फीसदी का मुनाफा हुआ है।