Zomato शुरू करेगी B2B लॉजिस्टिक सर्विस, रेवेन्यू ग्रोथ के लिए बिजनेस बढ़ाने की तैयारी में कंपनी

सूत्रों के मुताबिक Zomato ने पिछले 30-45 दिनों में छोटे फूड और ग्रॉसरी एग्रीगेटर्स, ऑनलाइन फार्मा कंपनियों और कंज्यूमर ब्रांड्स जैसे क्लाइंट्स से संपर्क किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इस सर्विस के तहत कुछ हजार डिलीवरी भी की गई है

अपडेटेड May 08, 2023 पर 1:54 PM
कोरोना महामारी का असर जैसे-जैसे कम हुआ, देश की अर्थव्यवस्था में भी रिकवरी देखी गई और यह पटरी पर लौट रही है।

कोरोना महामारी का असर जैसे-जैसे कम हुआ है, देश की अर्थव्यवस्था में भी रिकवरी देखी गई और यह पटरी पर लौट रही है। इसी कड़ी में अब फूड डिलीवरी सेक्टर का बिजनेस भी तेजी से बढ़ रहा है। इस तेजी का फायदा उठाने के लिए ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो (Zomato) भी तैयार है। सूत्रों के मुताबिक जोमैटो B2B लॉजिस्टिक सर्विस शुरू करने जा रही है। कंपनी इसके जरिए अपने राजस्व को बढ़ाना चाहती है। इसके तहत अन्य ई-कॉमर्स प्लेयर्स को फूड, फार्मा प्रोडक्ट्स और कंज्यूमर गूड्स डिलीवर किए जाएंगे।

कंपनी ने शुरू किया पायलट प्रोजेक्ट 

सूत्रों के मुताबिक Zomato ने पिछले 30-45 दिनों में छोटे फूड और ग्रॉसरी एग्रीगेटर्स, ऑनलाइन फार्मा कंपनियों और कंज्यूमर ब्रांड्स जैसे क्लाइंट्स से संपर्क किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इस सर्विस के तहत कुछ हजार डिलीवरी भी की गई है।


10000 से अधिक रेस्टोरेंट्स के साथ काम करने वाले एक ई-कॉमर्स एग्रीगेटर के सीनियर एग्जीक्यूटिव ने कहा, “हम Zomato के साथ अभी बातचीत कर रहे हैं। अगर हम हाथ मिलाते हैं तो अगले 30-60 दिनों में बहुत सी एलाइनमेंट की जरूरत होगी।"

उन्होंने आगे कहा, "असल में Zomato इस सर्विस के लिए जो कीमत ऑफर कर रही है, वह बाजार में अन्य प्लेयर्स की तुलना में ज्यादा अलग नहीं है। जोमैटो जो प्रोडक्ट्स ऑफर कर रही है वे बेहतर हैं और वे बेहतर डिलीवरी टाइमलाइन के साथ आते हैं। लागत के नजरिए से इसमें ज्यादा अंतर नहीं है।"

राजस्व बढ़ाने में मिलेगी मदद

एक अन्य कॉमर्स कंपनी जो फूड और ग्रॉसरी दोनों डिलीवरी करती है के टॉप एग्जीक्यूटिव ने कहा कि Zomato सर्विस के लिए 38 रुपये से 52 रुपये प्रति किलोमीटर की कीमत ऑफर कर रही है। एक ब्रोकरेज फर्म के इंटरनेट सेक्टर के एनालिस्ट के अनुसार, यह नई सर्विस Zomato को अपने राजस्व को बढ़ाने में मदद कर सकती है।

B2B लॉजिस्टिक सर्विस शुरू करके Zomato अमेरिकी फूड डिलीवरी कंपनी Doordash के नक्शेकदम पर चल रही है। यूएस-बेस्ड इस फूड डिलीवरी कंपनी ने 2016 के अंत में 'Drive' नाम की एक समान सर्विस शुरू की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।