Zomato ने बंद की अपनी Legends सर्विस, CEO दीपिंदर गोयल ने दी जानकारी

Zomato Shuts intercity Legends service: कंपनी ने इस सर्विस को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है। बता दें कि लीजेंड्स जोमैटो की एक इंटर-सिटी डिलीवरी सर्विस है। इस सर्विस में कस्टमर्स को किसी दूसरे शहर के अपने पसंदीदा रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर करने की सुविधा दी जाती है

अपडेटेड Aug 22, 2024 पर 7:53 PM
Story continues below Advertisement
ऑनलाइन फूड डिलीवर करने वाली कंपनी Zomato ने अपनी 'Legends' सर्विस को बंद करने का ऐलान किया है।

Zomato Shuts Legends: ऑनलाइन फूड डिलीवर करने वाली कंपनी जोमैटो ने अपनी 'लीजेंड्स' सर्विस को बंद करने का ऐलान किया है। कंपनी के CEO दीपिंदर गोयल ने आज 22 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक ट्वीट करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कंपनी ने इस सर्विस को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया है। बता दें कि लीजेंड्स जोमैटो की एक इंटर-सिटी डिलीवरी सर्विस है। इस सर्विस में कस्टमर्स को किसी दूसरे शहर के अपने पसंदीदा रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर करने की सुविधा दी जाती थी। कंपनी ने इस नई सर्विस को करीब दो साल पहले लॉन्च किया था।

Zomato ने क्यों बंद की लीजेंड्स सर्विस?

Zomato की लीजेंड्स सर्विस को बंद करने के लिए कंपनी के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने प्रोडक्ट मार्केट में इसके फिट न होने का हवाला दिया है। उन्होंने ट्वीट में कहा, "दो साल की कोशिशों और प्रोडक्ट-मार्केट फिट (PMF) नहीं होने के बाद हमने तत्काल प्रभाव से सर्विस बंद करने का फैसला किया है।"


Zomato की लीजेंड्स सर्विस क्या है?

जोमैटो की लीजेंड्स सर्विस के तहत भारत के 10 शहरों से देश के अन्य हिस्सों के रेस्टोरेंट्स से अपना पसंदीदा खाना ऑर्डर करने की सुविधा थी। जुलाई में कंपनी ने अस्थायी रूप से इस सर्विस को रोकने का निर्णय लिया था और ऑर्डर को ज्यादा प्रॉफिटेबल बनाने के लिए कुछ बदलावों के साथ इसे फिर से शुरू किया गया था, हालांकि अब इसे पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया गया है।

बिजनेस डायवर्सिफाई करने पर है Zomato का फोकस

इंटरसिटी लीजेंड्स को ऐसे समय में बंद किया गया है जब जोमैटो रेवेन्यू बढ़ाने और बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए कई अन्य सेक्टर्स में अपना बिजनेस डायवर्सिफाई कर रही है। कंपनी ने हाल ही में संकट से जुझ रही फिनटेक कंपनी पेटीएम के एंटरटेनमेंट और टिकटिंग बिजनेस को खरीदने का ऐलान किया है।

इंटरसिटी लीजेंड्स को मूल रूप से 2022 में लॉन्च किया गया था। शुरू में इसमें कोई मिनिमम ऑर्डर की सीमा नहीं थी, लेकिन प्रॉफिटेबिलिटी बढ़ाने के लिए बाद में 5000 रुपये की मिनिमम ऑर्डर वैल्यू रखने का फैसला किया गया। इसके बावजूद, इस प्रोजेक्ट से जोमैटो को कोई वित्तीय लाभ नहीं हुआ।

जोमैटो ने पहले भी कई पायलट प्रोजेक्ट के बाद कुछ सर्विसेज बंद की है। गुरुग्राम स्थित इस कंपनी ने एक्सट्रीम नामक लॉजिस्टिक सर्विस को भी बंद कर दिया है, जो मर्चेंट्स को छोटे पार्सल भेजने और प्राप्त करने की सुविधा देती थी। कंपनी को इसमें उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।