कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोने की कीमतों (Gold prices) में गिरावट का दौर जारी है। मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मंगलवार को सोने का भाव 0.55 पर्सेंट गिरकर 47,660 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यह इसके पिछले मंगलवार के 49,340 रुपये के भाव से करीब 2,000 रुपये कम है। सोने के साथ चांदी की कीमतों पर भी मंगलवार को दवाब दिखा और चांदी का भाव 1.8 पर्सेंट घटकर 63,411 रुपये प्रति किलो रहा।
सोने की कीमत ने पिछले हफ्ते 9 महीनों का अपना उच्चतम स्तर छुआ था। उसके बाद से ही इसकी कीमत में लगातार गिरावट देखी जा रही है।
ग्लोबल मार्केट में डॉलर का रेट 16 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बीच सोने की कीमत घटकर 1,800 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई। एक्सपर्ट ऐसा अनुमान लगा रहे हैं अमेरिका में इंटरेस्ट रेट उम्मीद से ज्यादा तेजी से बढ़ सकते हैं। इसका दबाव स्पॉट गोल्ड पर भी दिखा और इसकी कीमत 0.4 पर्सेंट घटकर 1,797.16 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
Kotak Securities ने एक हालिया नोट में कहा, "ग्लोबल स्तर पर मंहगाई में बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते कुछ दिनों पहले गोल्ड की कीमतों में तेजी देखी गई थी। हालांकि मॉनेटरी पॉलिसी को सख्त करने और दिसंबर के मध्य में अमेरिकी फेड की होने वाली बैठक में अस्थिरता के चलते सोने की कीमतों ने अपनी तेजी खो दी।"
Kotak Securities ने आगे कहा, "सोने में तेजी रुक गई और अब इसकी कीमत घटनी शुरू हो गई है। हम दिसंबर के मध्य में फेड की अगली बैठक तक इसमें अस्थिरता देख सकते हैं।"
इससे पहले दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 810 रुपये गिरकर 46,896 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं चांदी की कीमत भी 1,548 रुपये घटकर 62,720 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
HDFC सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, "मंगलवार को कॉमेक्स (न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज) में गिरावट के बाद दिल्ली में 24 कैरेट सोने की हाजिर कीमत 810 रुपये टूट गई।"