Gold and silver prices : अंतर्राष्ट्रीय बाजारों की तर्ज पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में नरमी देखने को मिली। कीमती धातुओं की कीमतों पर डॉलर में मजबूती और रूस-यूक्रेन शांति वार्ता (Russia-Ukraine peace talks) की सुस्त प्रगति का असर दिखाई दिया। वहीं राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) की अगुआई वाली रूस सरकार ने कांट्रैक्ट्स रोकर यूरोप को धमकाया।
MCX पर वर्तमान में 3 जून को मैच्योर होने वाला गोल्ड फ्यूचर्स (gold futures) 0.41 फीसदी की कमजोरी के साथ 51,953 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं 5 मई को मैच्योर होने वाला सिल्वर फ्यूचर्स (silver futures) 0.40 फीसदी की गिरावट के साथ 67,217 रुपये प्रति किग्रा पर कारोबार कर रहा है।
हालांकि, भारत में ज्वैलर्स की दुकानों पर पीली धातु और चांदी की कीमतों में मजबूती रही। एक दिन पहले की तुलना में 24 कैरेट वाले सोने की कीमत 490 रुपये की मजबूती के साथ 52,470 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। चांदी की कीमतें 800 रुपये की मजबूती के साथ 67,600 रुपये प्रति किग्रा रहीं।
उधर, पुतिन शुक्रवार से खरीदारों से रूसी गैस के लिए रूबल में भुगतान करने या आपूर्ति घटाने की बात कर रहे हैं। यूरोपीय देशों ने उनकी मांग को खारिज कर दिया और जर्मनी ने इसे “ब्लैकमेल” बताया है।
सोने को कहां पर है सपोर्ट
आईआईएफएल सिक्योरिटीज ने अपनी शुक्रवार की कमोडिटी मंत्रा रिपोर्ट में कहा, रूस-यूक्रेन टकराव और महंगाई बढ़ने की चिंताओं से गुरुवार को सोने के लिए सेफ हैवन आकर्षण बढ़ गया। रिपोर्ट के मुताबिक, “आवरली चार्ट पर सोने के 55-पीरियड ईएमए तक नीचे गिरने से इसमें खरीदारी के मौके मिल सकते हैं। इंट्राडे में सोने को 51800-51500 पर सपोर्ट और 52400-52,700 पर रेजिस्टैंस है।”
चांदी के लिए, आईआईएफएल की रिपोर्ट कहती है, इंट्राडे में चांदी को 67000-66500 पर सपोर्ट, 67900-68300 पर रेजिस्टैंस है।