Gold prices in India : यूक्रेन से जुड़ी चिंताएं बढ़ने से भारत में बुधवार को सोने की कीमतें एक साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। एमसीएक्स (MCX) पर सोना 1.2 फीसदी मजबूती के साथ 50,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर चला गया, वहीं चांदी 1 फीसदी कमजोर होकर 63,970 रुपये प्रति किग्रा रह गई।
ग्लोबल मार्केट की बात करें तो हाजिर सोना (spot gold) 1 फीसदी बढ़कर 1,885.65 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया।
यूक्रेन संकट के बीच, रूस समर्थित पूर्वी यूक्रेन के विद्रोहियों ने आज सरकारी सेनाओं पर उनके क्षेत्र में मोर्टार दागने का आरोप लगाया, जिससे सेफ हैवन के रूप में सोने की डिमांड बढ़ गई।
सोने पर है पॉजिटिव आउटलुक
जिओजित ने एक नोट में कहा, “सोने के 1,840 डॉलर से ऊपर रहने पर सोने को लेकर पॉजिटिव आउटलुक बना रहेगा। वहीं 1,810 डॉलर से नीचे जाने पर कमजोरी बढ़ सकती है। चांदी के मामले में, इसके 24 डॉलर से ऊपर जाने रैली देखने को मिल सकती है।”
कोटक सिक्योरिटीज ने एक नोट में कहा, “मार्केट की नजर रूस-यूक्रेन के बीच के हालात पर बनी रह सकती है और रूस के हमला नहीं करने की बात तय होने या समस्या के समाधान के लिए कूटनीतिक प्रयास होने तक, बाजार का सेंटीमेंट कमजोर बना रहेगा और इससे सोने की कीमतों को समर्थन मिल सकता है।”
अगस्त, 2020 में बनाया था आल टाइम हाई
अगस्त, 2020 में सोने की कीमतें अपने ऑल टाई हाई पर पहुंच गई थीं। उस समय, सोना 56,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के पार हो गया था। सोने के अलावा चांदी की कीमत 76006 रुपए प्रति किलोग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई थीं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने में तेजी का सिलसिला जारी रह सकता है।