Gold and silver prices : रूस के पूर्वी यूक्रेन से अलग हो चुके हिस्सों में सेनाओं के घुसने के आदेश दिए जाने के बाद यूक्रेन क्राइसिस (Ukraine crisis) बढ़ने से भारतीय बाजारों में मंगलवार को सोना और चांदी की कीमतें बढ़ गईं। एमसीएक्स (MCX) पर गोल्ड फ्यूचर्स (gold futures) 0.8 फीसदी की मजबूती के साथ 50,467 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया जो उसका लगभग एक साल का ऊपरी स्तर है। वहीं चांदी 1 फीसदी मजबूत होकर 64,225 रुपये प्रति किग्रा पर पहुंच गई।
ग्लोबल मार्केट की बात करें तो सोने की कीमतें मंगलवार को लगभग नौ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई, जिसे सेफ हैवन खरीदारी का समर्थन मिल रहा है। हाजिर सोना (Spot gold) 0.2 फीसदी मजबूत होकर 1,909.54 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
1840 डॉलर से ऊपर सोने में बना रहेगा पॉजिटिव आउटलुक
जिओजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा, “रूस के रूसी समर्थक विद्रोहियों के इलाकों को मान्यता देने के साथ तनाव खासा बढ़ गया है। इसके चलते स्पष्ट रूप से क्रूड और सोने की कीमतों में मजबूती देखने को मिल रही है। हालात खराब हैं, हमें नहीं पता कि तनाव बढ़ेगा या अब कम होगा।”
जिओजित ने एक नोट में कहा, “सोने के लिए पॉजिटिव आउटलुक बना रहेगा, जब तक यह 1,840 डॉलर प्रति औंस से ऊपर रहता है। 1,810 डॉलर से नीचे जाने पर इसमें कमजोरी बढ़ सकती है।”
24 डॉलर से ऊपर रहने पर चांदी में दिख सकती है नई रैली
ग्लोबल मार्केट में, हाजिर चांदी (spot silver) 0.9 फीसदी की मजबूती के साथ 24.14 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई और प्लेटिनम 0.9 फीसदी मजबूत होकर 1,083.68 डॉलर के स्तर पर पहुंच गई।
चांदी की बात करें तो 24 डॉलर से ऊपर बने रहने से इसमें आगे और रैली देखने को मिल सकती है। इसके अलावा, आज ट्रेडिंग सेशन में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है।
रूस पर लग सकते हैं प्रतिबंध
दूसरी कमोडिटीज में, तेल उछलकर सात साल के हाई पर पहुंच गया। अमेरिका और यूरोपीय देश ने रूस पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है।
यूक्रेन क्राइसिस (Ukraine crisis) बढ़ने से यूएस बॉन्ड्स (US bonds) के लिए सेफ हैवन डिमांड बढ़ गई है। बुलियन को महंगाई जिओपॉलिटिकल रिस्क (geopolitical risks) के लिए एक हेज के रूप में जाना जाता है, वहीं ब्याज दरों में बढ़ोतरी से नॉन यील्डिंग बुलियन को होल्ड करने की अपॉर्च्युनिटी कॉस्ट बढ़ जाती है।