Gold price today : मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गुरुवार को सोने की कीमतें बढ़कर 2022 के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। MCX पर शुरुआती कारोबार के दौरान सोने में लगभग 1,400 रुपये का तगड़ा उछाल दर्ज किया गया और यह 51,750 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। हाजिर बाजार में सोने (spot gold) की कीमतों ने अपनी 1,925 डॉलर की बाधा को तोड़ दिया और 1,950 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया, जो 13 महीने का उच्चतम स्तर है।
2,000 डॉलर तक जा सकता है सोना
लाइवमिंट की एक रिपोर्ट में के मुताबिक, मार्केट एक्सपर्ट्स ने बताया कि रूस-यूक्रेन क्राइसिस (Russia Ukraine crisis) के बीच टेंशन बढ़ने के कारण पीली धातु की कीमतों में बड़ी तेजी आई है। उन्होंने कहा कि हाजिर सोने (spot gold) की कीमतों ने अपनी 1,935 डॉलर प्रति औंस की बाधा तोड़ दी है और अब यह जल्द ही 1,950 डॉलर, 1980 डॉलर और फिर 2,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर जा सकता है।
मोतीलाल ओसवाल के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) अमित सजेजा ने कहा, “सोने ने 1,925 डॉलर की बाधा तोड़ दी है और यह 1,950 डॉलर के स्तर से ऊपर निकल गया है। हाजिर सोने के लिए अगले टारगेट 1,980 डॉलर और 2,000 डॉलर हैं, जो शॉर्ट टर्म में हासिल हो सकते हैं।”
महंगाई बनी रहेगी बड़ी चिंता
यूक्रेन क्राइसिस (Ukraine crisis) के गंभीर स्तर पर जाने तक महंगाई में तेज बढ़ोतरी की उम्मीद जाहिर करते हुए आईआईएफएल सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट अनुज गुप्ता ने कहा, “ग्लोबल मार्केट्स में क्रूड की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गई हैं और यह 10 फीसदी बढ़कर 110 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकता है। इससे आगे वैश्विक स्तर पर फ्यूल महंगा होने का अनुमान है, जो पहले से खासी ज्यादा बढ़ चुकी है।”
आईआईएफएल सिक्योरिटीज के अनुज गुप्ता ने कहा, “ग्लोबल इक्विटी मार्केट में बिकवाली से भी सोने की कीमतों को सपोर्ट मिला है। एमसीएक्स पर सोने की कीमतें 52,000 रुपये से 53,000 रुपये के स्तर पर जाने का अनुमान है। हाल में सोना खरीदने वालों को शॉर्ट टर्म में इस टारगेट के लिए पीली धातु को होल्ड करने की सलाह है।”
हालांकि, वह सोने के खरीदारों को रूस यूक्रेन क्राइसिस से जुड़े घटनाक्रमों पर पैनी नजर रखने की सलाह देते हैं, क्योंकि एक भी सकारात्मक घटनाक्रम से पीली धातु में गिरावट आ सकती है।